आनंद हत्याकांड में संपत ने ही उपलब्ध करवाए थे हथियार
- पुलिस की जांच में सामने आई उक्त बातें, मोहाली में पकड़े गए एक आरोपी को भेजा था हत्या करने
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। कारौर के आनंद हत्याकांड को अंजाम दिलाने के लिए एक सदस्य को संपत ने ही हथियार भी उपलब्ध कराए थे। पुलिस की जांच में यह बातें सामने आई हैं। सीआईए-2 आज संपत नेहरा को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर सकती है।
27 अप्रैल को कारौर गांव में पूर्व सरपंच के भाई आनंद की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने 13 आरोपियों को जेल भेज दिया था। पीड़ित पक्ष ने संपत नेहरा के खिलाफ भी केस दर्ज कराया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार आनंद हत्याकांड में संपत भी शामिल था। संपत ने मोहाली में पकड़े गए एक आरोपी को आनंद को मारने के लिए भेजा था। यहीं नहीं उसे संपत ने ही हथियार भी उपलब्ध कराए थे। सीआईए-2 प्रभारी आजाद सिंह ने बताया कि संपत को आज कारौर के आनंद हत्याकांड में रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पूछताछ में कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
े