भावी पार्षद प्रत्याशी को चुनाव लड़ने पर पीजीआई में मारने की धमकी
- पीजीआई में बच्चे का उपचार कराने के लिए गई थी भावी पार्षद प्रत्याशी
- पुलिस भी मौके पर पहुंची
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
भाजपा नेता की भाभी व वार्ड 6 से भावी पार्षद प्रत्याशी को पीजीआई में दो नकाबपोश युवकों ने चुनाव लड़ने पर मारने की धमकी दी है। अपहरण के प्रयास का भी आरोप लगाया। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
रोहतक निवासी भाजपा कार्यकर्ता हैप्पी जांगड़ा ने बताया कि उनकी भाभी सुमिता वार्ड 6 से भावी पार्षद प्रत्याशी है। वीरवार की सुबह करीब 9 बजे पीजीआई में बेटे यशवर्धन का उपचार कराने के लिए गई थी। चेकअप कराने के बाद जैसे ही इमरजेंसी के पिछले गेट से निकली तो उन्होंने अपने बेटे को एक साइड में बैठा दिया और स्कूटी लेने के लिए चली गई। आरोप है कि इसी बीच दो नकाबपोश आए और दोनों ने उनकी स्कूटी से चाबी निकाल ली। कहा कि चुनाव लड़ा तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। अभद्रता भी की। आरोप है कि अपहरण का भी प्रयास किया गया, लेकिन मरीजों को अपनी ओर आता देखकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।