जिले में नहीं रुक पा रहीं एटीएम उखाड़ने की घटनाएं
पुलिस भी गिरोह का भंडाफोड़ करने में पूरी तरह से नाकाम
एसपी ने जल्द खुलासा करने का किया दावा
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। जिले में एटीएम उखाड़ने की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। जींद बाईपास स्थित एटीएम को उखाड़ने के प्रयास की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को फिर से बदमाशों ने कड़ी चुनौती दी।
फ्लैशबैक में जाएं तो जिले के विभिन्न स्थानों पर पूर्व में भी एटीएम उखाड़ने व काटने की वारदात को अंजाम दिया जा चुका है। जनवरी 2018 में शहर के सेक्टर 1 स्थित एटीएम को उखाड़कर 25 लाख रुपये बदमाश ले गए थे। इसके अलावा लाखनमाजरा क्षेत्र में एटीएम उखाड़ने के बाद खाली डिब्बे को खेतों में फेंककर बदमाश फरार हो गए थे। हालांकि, पुलिस बदमाशों को पकड़ने में नाकाम रही थी। इसके बाद शिवाजी कॉलोनी थाना क्षेत्र और सेक्टर एक और दो में भी एटीएम उखाड़ने की वारदात को अंजाम दिया गया। महम थाना क्षेत्र में करीब 25 लाख की नकदी से भरा एटीएम उखाड़ लिया गया था। पुलिस एटीएम उखाड़ने वाले गिरोह का भंडाफोड़ नहीं कर सकी है।
जल्द होगा गिरोह का खुलासा
एसपी जशनदीप सिंह रंधावा का कहना है कि पूर्व में भी एटीएम उखाड़ने वाले गिरोह का खुलासा किया गया था। जल्द ही एटीएम उखाड़ने वाले गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस और सीआईए को गिरोह को पकड़ने में लगाया गया है।