पीजीआई से पुलिस की हिरासत से भागा पचास हजारी मंजीत गिरफ्तार
- मोखरा के मिलन हत्याकांड में भी रहा था शामिल
जुलाना में की थी गणेश मिष्ठान भंडार के मालिक की हत्या
- रोहतक व जींद पुलिस इनामी के पीछे लगी थीं
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। जींद व रोहतक पुलिस के लिए सिरदर्दी का सबब बने पचास हजारी मंजीत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मोखरा के मिलन हत्याकांड के अलावा इनामी ने जुलाना में व्यापारी की हत्या की थी। आरोपी पीजीआई से भी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। रोहतक पुलिस उसपर इनाम बढ़ाने की तैयारी कर रही थी।
जींद के जुलाना गांव निवासी पचास हजारी मंजीत काफी समय से फरार था। बुधवार को ही एसपी रोहतक ने खुलासा किया था मोखरा गांव के मिलन हत्याकांड में भी मंजीत शामिल था। उसने मोखरा के अंकित के कहने पर एक अन्य के साथ मिलन की हत्या कर दी थी। हालांकि पुलिस ने अंकित को गिरफ्तार कर लिया था। मगर पचास हजारी हत्थे नहीं चढ़ सका था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जींद पुलिस ने पचास हजारी मंजीत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इनामी से पूछताछ कर रही है। बताया गया कि मंजीत ने वर्ष 2014 में गणेश मिष्ठान भंडार के मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इससे पूर्व वह तीन माह पूर्व ही भर्ती रहने के दौरान रोहतक पीजीआई से फरार हो गया था। हालांकि अधिकारियों ने अभी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
दस से अधिक केस हैं दर्ज
पुलिस के अनुसार, मंजीत पर हत्या, रंगदारी, लूट आदि के दस से अधिक केस दर्ज हैं। रोहतक और जींद पुलिस इनामी का पीछा कर रही थीं। मगर सफलता हाथ नहीं लग पा रही थी। रोहतक के एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने तो रोहतक से भी मंजीत पर इनाम बढ़ाने की तैयारी कर ली थी।