अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। आरपीएफ कांस्टेबल की ऑनलाइन परीक्षा में पकड़े गए फर्जी अभ्यर्थी को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ के निर्देश दिए। आरोपी ने खुलासा किया है कि वह दोस्त के साथ ही परीक्षा की तैयारी कर रहा था। दोस्त के पार्टी देने की कहने पर परीक्षा देने गया था। परीक्षा पास होने पर पार्टी देने की बात तय की गई थी। सिटी थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
शुक्रवार को शहर कीन्यू ईडीजीई सॉफ्ट सोल्युशन प्राइवेट लिमिटेड एकेडमी में आरपीएफ कांस्टेबल की ऑनलाइन परीक्षा चल रही थी। रेलवे आर्ब्जवर के तौर पर नियुक्त बहादुरगढ़ निवासी अजय कुमार ने दूसरे परीक्षार्थी के नाम पर परीक्षा देते रविंद्र को पकड़ा था। वह अनुज के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुलासा किया कि अनुज से रविंद्र की गहरी दोस्ती थी। दोनों अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की भी मिलकर तैयारी कर रहे थे। दोस्ती के चलते ही वह परीक्षा देने के लिए पहुंचा था। पास होने पर पार्टी देने की बात की गई थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।