भारतीय किसान यूनियन के प्रधान गुरनाम सिंह चढूनी ने 16 अक्तूबर को होने वाली किसान, मजदूर महापंचायत की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मकड़ौली टोल प्लाजा का दौरा किया। वहीं, महापंचायत को लेकर प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों के साथ किसान संगठनों की बैठक 14 अक्तूबर को होगी।
भाकियू प्रधान गुरनाम सिंह चढूनी पहले मकड़ौली टोल प्लाजा पर चल रहे धरने पर पहुंचे। उन्होंने अपने संगठन के जिला प्रधान राजू मकड़ौली व अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की। कुछ और संगठनों के प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए। बैठक के दौरान उन्होंने महापंचायत और इसके लिए किए जा रहे सारे इंतजामों पर विचार-विमर्श किया। इनमें पंडाल, स्टेज, पार्किंग के अलावा किसानों के खाने, पीने, चाय आदि की व्यवस्था शामिल थी। उसके बाद उन्होंने महापंचायत स्थल पर जाकर जायजा लिया। उसके बाद पदाधिकारियों को इंतजामों के बारे में निर्देश दिए। जिला प्रशासन महापंचायत को लेकर किसान संगठनों के साथ एक बैठक कर चुका है। दूसरी बैठक 12 अक्तूबर को प्रस्तावित थी। लेकिन उस दिन किसान संगठनों की बैठक होने के कारण वह नहीं हो सकी। अब वह बैठक 14 अक्तूबर को होगी। इसमें संगठन महापंचायत के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। उसी के आधार पर पर प्रशासन रूट डायवर्जन और ट्रैफिक प्लान तैयार करेगा। उसी के अनुसार पुलिस फोर्स तैनात की जाएगी। किसान संगठनों ने दावा किया है कि यह महापंचायत पानीपत और मुजफ्फरनगर में हुई महापंचायतों का रिकॉर्ड तोड़ देगी। इसमें हरियाणा के तमाम जिलों के किसान तो शामिल होंगे ही। पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के किसान भी आएंगे। महापंचायत में किसान, मजदूरों के अलावा दलित संगठनों को भी इकट्ठा करने की योजना है। इसके अलावा कई खापों ने भी महापंचायत को समर्थन का एलान कर दिया है। मंगलवार को तैयारियों को लेकर हुई बैठक में सांगवान खाप के प्रधान और विधायक सोमवीर सांगवान तथा कई अन्य खापों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए थे।