रोहतक। सांपला के रोहद इंडस्ट्रियल एरिया में सीमेंटेड पोल में छेद करके छुपाई पीवीसी पाइप से बिजली चोरी के मामले का भंडाफोड़ हुआ है। यह घटना अफसरों के बीच में काफी चर्चा का विषय बनी रही।
रोहद इंडस्ट्रियल एरिया के जेई धर्मपाल, जेई रामकला, एएलएम अनुज आदि को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी हो रही है। काफी प्रयास के बावजूद बिजली चोरी नहीं मिली फिर भी टीम लगातार सुरागकशी में जुटी रही। विगत दिनों टीम को पता चला कि सीमेंटेड पोल में छेद करके पीपीसी पाइप छुपाने के बाद सीमेंट से ढक दिया गया है। इस पर टीम रात को पोल पर चढ़ी और तारों को देखा, तभी पीसीसी पाइप के अंदर से सीधे मेन लाइन से जोड़ा तार प्रतिष्ठान में जाता दिखा। पूरी वीडियोग्राफी करने के बाद टीम ने प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ बिजली चोरी में कार्रवाई की। जेई धर्मवीर ने बताया कि प्रतिष्ठान में पांच किलोवाट की बिजली चोरी की जा रही है। अधिशासी अभियंता गगन पांडेय ने बताया कि बिजली चोरी करने वाले प्रतिष्ठान संचालक पर 2.38 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। अधीक्षक अभियंता एके यादव ने बताया कि रोहतक सर्कल का यह पहला मामला है, जिसमें सीमेंटेड पोल के अंदर पीवीसी पाइप छुपाकर बिजली चोरी की जा रही थी।