रोहतक में चुनाव मतगणना के दौरान जाट संस्था के पास भीड़ को रोकने और वीडियोग्राफी का विरोध करने पर कांग्रेस सेवा दल की नेत्री सुदेश हुड्डा पर पुलिसकर्मियों से मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज किया गया है। घटना के दौरान महिला नेत्री ने हेड कांस्टेबल कर्मवीर को थप्पड़ मारा और महम थाना प्रभारी निरीक्षक सतपाल से धक्का-मुक्की की। इस घटना के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके भीड़ को तितर-बितर किया और पीजीआईएमएस थाने में कांग्रेस नेत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन लाल ने बताया कि सुदेश हुड्डा ने मतगणना स्थल के पास भीड़ को नियंत्रित करने और वीडियोग्राफी कर रहे पुलिसकर्मियों से झगड़ा किया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने सुदेश हुड्डा की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।
बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज हुआ केस
महिला नेत्री के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 132, और 121(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं में तीन महीने से लेकर पांच साल तक की जेल और जुर्माने का प्रावधान है। पुलिसकर्मी से मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने को लेकर यह कार्रवाई की गई है।