क्षतिग्रस्त पुलिस हेल्पलाइन नंबर डायल 112 की गाड़ी। संवाद
शहर के सेक्टर-14 में ठहरे एक युवक ने शुक्रवार देर रात करीब सवा एक बजे पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल की। बोला-होटल में लड़कियां बंद हैं, जो सहायता के लिए चिल्ला रही हैं। पीसीआर ने मौके पर पहुंचकर युवक से पूछा तो बोला - मैं तो यह देख रहा था म्हारी पुलिस कितनी तेज है। आरोप है कि जब एएसआई ने फर्जी कॉल न करने की सलाह दी तो आरोपी गुस्से में आ गया और पीसीआर गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी जींद के जुलाना निवासी रोहित को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में सुनारिया जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक पीसीआर पर तैनात एएसआई धर्मबीर ने दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार की रात करीब सवा एक बजे मुख्यालय से सूचना मिली कि एक युवक की कॉल आई है। युवक ने बताया कि वह सेक्टर-14 स्थित एक होटल में ठहरा हुआ है। होटल में लड़कियां बंद हैं, जो सहायता के लिए चिल्ला रही हैं। पुलिस बताए गए मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर मौके पर पहुंची। एएसआई धर्मबीर का कहना है कि युवक उनको होटल के बाहर सड़क पर मिला। पुलिस की गाड़ी देखकर उसने हाथ में ली बोतल फेंक दी। जब युवक से पूछा कि उसने कॉल क्यों की थी। उसने बताया कि वह होटल के कमरे में बैठकर शराब पी रहा था। अचानक मन में आया। डायल नंबर 112 पर कॉल करके देखता हूं, पुलिस कितनी तेज है। क्या कार्रवाई करती है। जब युवक को समझाया कि फर्जी सूचना देना ठीक नहीं है। पीसीआर को अचानक सही जगह जाना पड़ सकता है। आरोप है कि इससे युवक ताव में आ गया और उसने ईंट उठाकर पुलिस की तरफ फेंक दी। पुलिस कर्मी तो बच गए, लेकिन ईंट लगने से गाड़ी का पिछला शीशा टूट गया। पुलिस ने आरोपी जींद के जुलाना निवासी रोहित को काबू किया। इसके बाद अर्बन एस्टेट थाने में फर्जी सूचना देने, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और तोड़फोड़ करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
वर्जन
आरोपी जींद के जुलाना निवासी रोहित को गिरफ्तार कर शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में सुनारिया जेल भेजा गया है।
- इंस्पेक्टर प्रह्लाद सिंह, थाना प्रभारी अर्बन एस्टेट