भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ का ने कहा कि शहीदों की याद में भाजपा 1 से 14 अगस्त तक पखवाड़ा मनाएगी। पखवाड़े के दौरान हर हलके में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसका नेतृत्व हर हलके में मंत्री, विधायक या विस चुनाव में प्रत्याशी रहे लोग करेंगे। यात्रा एक शहीदी स्थल से शुरू होकर दूसरे शहीदी स्थल तक चलेगी। वे बुधवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में युवा, महिला, किसान, एससी-एसटी व अन्य मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों की मीटिंग को संबोधित कर रहे थे।
धनखड़ ने कहा कि पार्टी के 15-15 कार्यकर्ता शहीदों की प्रतिभाओं पर माल्यार्पण कर तिरंगा यात्रा की शुरुआत करेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ट्रैक्टर, साइकिल, मोटरसाइकिल से या पैदल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। एक सवाल के जवाब में धनखड़ ने कहा कि विपक्ष व गुरनाम सिंह चढूनी अपनी सियासत चमकाने के नाम पर कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। चढूनी नहीं चाहते कि फसल का पैसा सीधा किसानों के खाते में आए। सरकार ने 16 हजार करोड़ रुपये सीधे किसान के अकाउंट में भेजे हैं। मीटिंग में प्रदेश संगठन महामंत्री रविंद्र राजू, प्रदेश महामंत्री वेदपाल एडवोकेट, विधायक मोहन लाल बड़ौली, डॉ. पवन सैनी पूर्व विधायक, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कृष्ण पंवार, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व विधायक सुखविंद्र मांढी, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा चौहान, युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी वरुण श्योराण, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल राणा मौजूद रहे।
राशन की क्वालिटी पर नजर रखेगी कमेटी
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न वितरण योजना के प्रदेश संयोजक विधायक सत्यप्रकाश जरावता की अध्यक्षता में प्रदेश कार्यालय में इकाई की विशेष बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि योजना के तहत आने वाले राशन की क्वालिटी पर नजर रखी जाए। मीटिंग में प्रदेश सह संयोजक सुरेंद्र आर्य, पंचकूला जिला संयोजक सुरेंद्र मनचंदा, अंबाला के सुरेश सहोता, यमुनानगर के पवन प्रताप, कुरुक्षेत्र के मंगत चौहान, कैथल के रामकुमार राणा, करनाल के अशोक सुखीजा, पानीपत के अनिल मदान, सोनीपत के तरुण देवीदास, जींद के कलीराम पटवारी, रोहतक के बुधराम सैनी, झज्जर के योगेश दुजाना, सिरसा के महावीर गोदारा, हिसार के वेद नारंग, फतेहाबाद के इंद्राज मोगा, भिवानी के चुनीलाल स्वामी, दादरी के ईश्वर यादव, महेंद्रगढ़ के श्रीभगवान भार्गव, रेवाड़ी के विजय सिंह, गुरुग्राम के लक्ष्मी नारायण यादव, नूंह के मनोज शर्मा, पलवल के हरेंद्र तेवतिया, फरीदाबाद के वजीर डागर सहित सभी जिला संयोजक बैठक में उपस्थित रहे।