सांपला। नेशनल हाईवे 9 पर कार की टक्कर से बाइक सवार ललित की मौत हो गई जबकि साथी ओमप्रकाश घायल हो गया। वहीं दूसरी घटना में बाइक की टक्कर से बैजनाथ घायल हो गया। पुलिस ने घायलों के बयान पर अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांधरा निवासी ओमप्रकाश व ललित कुमार बाइक पर सवार होकर सांपला की तरफ जा रहे थे। हाईवे पर लगे कट के पास तेज गति से आ रहे कार चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें ललित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ओमप्रकाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं दूसरी घटना भी गांधरा मोड़ के पास ही घटित हुई। इसमें बैजनाथ इस्माईला के पास एक फैक्टरी में काम करता है जोकि शाम को छुट्टी के बाद पैदल अपने कमरे पर जा रहा था। गांधरा मोड़ के पास एक बाइक चालक ने उसे टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों घटना की पुलिस जांच कर रही है।