दो दिनों से नियुक्ति पत्र के लिए धक्के खा रहे 25 अतिथि अध्यापकों का इंतजार आखिरकार शनिवार को खत्म हो गया।
शाम को 4:30 बजे डिप्टी डीईईओ सुनीता पंवार ने सभी अतिथि अध्यापकों को नियुक्ति पत्र दिए, जिसे पाकर अतिथि अध्यापकों के चेहरे खुशी से खिल गए।
दरअसल, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशानुसार 27 नवंबर को ही अतिथि अध्यापकों को मौलिक शिक्षा विभाग की ओर से नियुक्ति पत्र दिए जाने थे।
पर, नियुक्ति पत्र प्रक्रिया पूरी नहीं होने की वजह से वह नहीं दिए गए। ऐसे में शनिवार को सुबह 10 बजे दोबारा से सभी अतिथि अध्यापक मौलिक शिक्षा कार्यालय में पहुंचे।
वहीं, अवकाश के दिन भी शिक्षा अधिकारी अपने कर्मचारियों के साथ कार्यालय में पहुंचे और नियुक्ति पत्र संबंधी कार्रवाई पूरी करने लगे।
दोपहर दो बजे तक भी नियुक्ति पत्र संबंधी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाने से अतिथि अध्यापक मायूस हो गए। और, अपने बच्चों के साथ लघु सचिवालय के परिसर में इंतजार करने लगे। हालांकि शाम 4:30 बजे डिप्टी डीईईओ ने सभी को नियुक्ति पत्र दिए। अब सभी अतिथि अध्यापक सोमवार से विभाग की ओर से अलाट किए गए स्कूलों में अपनी सेवाएं दोबारा से देंगे।
-------
सरकारी स्कूलों में वर्क लोड और खाली पदों के अनुसार ही सभी अतिथि अध्यापकों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। अब सभी सोमवार से अलॉट किए स्कूलों में ड्यूटी देंगे।
- सुनीता पंवार, डिप्टी डीईईओ, रोहतक।