जिले में कोरोना का एक और संक्रमित केस सामने आया है। पीजीआई के ईएनटी विभाग के सीनियर रेजिडेंट की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर वीरवार को उनके परिजनों के भी सैंपल लिए गए हैं। संस्थान में दूसरे चिकित्सक के संक्रमित होने से महामारी के फिर सक्रिय होने की चिंता बढ़ गई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जिले में वीरवार को पीजीआई के एक चिकित्सक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह चिकित्सक रविवार को ही छत्तीसगढ़ से रोहतक पहुंचा है। घर भी परिवार के सदस्यों के संपर्क में आने चलते इनके परिजनों के सैंपल भी लिए गए हैं। चिकित्सक को दोनों वैक्सीन लग चुकी हैं। कोविशील्ड की पहली डोज जनवरी में व दूसरी डोज मार्च में लगवाई जा चुकी है।
बता दें कि हाल ही में संस्थान के सर्जरी विभाग के चिकित्सक की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। पिछले एक सप्ताह में दो चिकित्सकों के संक्रमित होने से महामारी का खतरा बढ़ने इनकार नहीं किया जा सकता है। यही नहीं, छत्तीसगढ़ से आए चिकित्सक के संपर्क में आने वाले अनेक लोगों के भी बीमार होने की संभावना है। रोहतक में रविवार को पहुंचे इस चिकित्सक से अब तक कितने लोगों ने संपर्क किया है, उन्हें भी एहतियात बरतने की जरूरत है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को कई लोगों के संक्रमित होने का अंदेशा है। जिले में अभी चार संक्रमित उपचाराधीन हैं। ये चारों मरीज घरों में आइसोलेशन में हैं। विभाग ने वीरवार को 1078 लोगों के सैंपल लिए। जबकि 628 को अपनी रिपोर्ट का इंतजार है। जिले में महामारी की संक्रमण दर 4.81 प्रतिशत व रिकवरी रेट 97.72 प्रतिशत है।