आईएमटी क्षेत्र में दो युवकों को गोली मारने की वारदात में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस इसे सोमवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। फिलहाल इससे पूछताछ की जा रही है।
आईएमटी थाना प्रभारी एसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि 13 नवंबर की शाम को आईएमटी इलाके में गोली चलने की वारदात हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची व जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बोहर निवासी प्रवीण व नितेश गोली लगने से घायल हैं। प्रवीन के भाई पंकज की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच करते हुए रविवार को वारदात में शामिल आरोपी बोहर निवासी मोनू को गिरफ्तार किया गया। शनिवार शाम बोहर निवासी प्रवीण, नितेश, मोनू व निशांत उर्फ निशू गाड़ी व स्कूटी पर सवार होकर आईएमटी इलाके में घूमने गए थे। निशांत उर्फ निशू व मोनू की नितेश व प्रवीण से कहासुनी हो गई। निशांत उर्फ निशू व मोनू ने मिलकर प्रवीण व नितेश पर फायर कर दिया और फरार हो गए। आरोपी निशांत उर्फ निशू को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इधर, बोहर निवासी पंकज ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि 13 नवंबर की शाम करीब पांच बजे किसी ने बताया कि उसका छोटा भाई प्रवीण की कार आईएमटी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। वहां अपने ताऊ के बेटे प्रदीप के साथ पहुंचा। वहां मेरा भाई प्रवीण व नितेश खून से लथपथ मिले। इन दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर ने जांच के बाद दोनों को गोली लगने की पुष्टि की। इनकी हालत स्थिर बताई गई है। अज्ञात लोगों ने उन्हें गोली मारी है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।