ओपन इंटरनेशनल बाक्सिंग स्पर्धा में रोहतक के अमित पंघाल ने सेमिफाइनल व मोनिका ने फाइनल में किया प्रवेश
- फोटो : अमर उजाला (विज्ञप्ति)
थाईलैंड में चल रही ओपन इंटरनेशनल बाॅक्सिंग स्पर्धा में रोहतक के मुक्केबाजों ने बुधवार को शानदार प्रदर्शन कर बढ़त बनाई। स्पर्धा के 52 किलो भार वर्ग में रोहतक के मायना के बॉक्सर अमित पंघाल ने क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज कर सेमिफाइनल में जगह बनाई, जबकि 48 किलो वर्ग में खेल रही रोहतक के रुड़की गांव की मोनिका ने सेमिफाइनल जीतकर फाइनल में जगह बनाई। इसके साथ ही दोनों खिलाड़ियों ने पदक पक्का कर लिया है।
हरियाणा बॉक्सिंग संघ के प्रवक्ता राजनारायण पंघाल ने बताया कि अमित ने स्थानीय थाई बॉक्सर को हराकर थाईलैंड ओपन सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसके साथ ही देश के लिए पुरुष स्पर्धा में तीसरा पदक पक्का कर लिया है। इससे पहले हिमाचल के आशीष व जींद के सुमित कुंडू पहले ही सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुके हैं।
क्वार्टर फाइनल मैच के पहले राउंड मे जजों ने 3-2 का स्कोर दिया। इसके बाद दूसरे व तीसरे राउंड में अमित ने मुक्कों की संख्या बढ़ाकर 5-0 से जीत पक्की की। इधर, पिता विजेंद्र व मां ऊषा ने घर पर बेटे का मैच देखा व जीत पर खुशी जताई। संघ के अध्यक्ष मेजर सत्यपाल सिंधु व कार्यकारी सचिव रविंद्र पानू ने भी जीत के लिए खिलाड़ी को सराहा।
इधर, रुड़की की बॉक्सर मोनिका ने बुधवार को सेमिफाइनल मुकाबला जीतकर फाइनल में जगह बनाई। इस जीत के साथ ही मोनिका का पदक पक्का हो गया है। अब इस खिलाड़ी को अपने पदक का रंग बदलना है। प्रदेश को इस खिलाड़ी से स्वर्ण पदक की उम्मीद है।