महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय प्रशासन ने चीफ वार्डन ब्वॉयज की गठित समिति की रिपोर्ट पर हॉस्टल नंबर आठ में यूआईआईटी के बीटेक छात्र पर हमला करने व चोट पहुंचाने के मामले में सख्त कदम उठाया है। विवि प्रशासन ने आरोपी पांचों छात्रों को तुरंत प्रभाव से उनके संबंधित विभागों व छात्रावासों से निलंबन के आदेश दिए हैं।
एमडीयू कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने समिति की रिपोर्ट पर यूआईआईटी के छात्र अरुण यादव व महेश कुमार, आईएचटीएम के छात्र जतिन सोनी, विधि के छात्र सचिन व गणित विभाग के छात्र अभिनव को इस प्रकरण की जांच पूरी होने तक निलंबन के आदेश दिए हैं। कुलसचिव प्रो. गुलशन तनेजा ने बताया कि इस पूरे मामले को विश्वविद्यालय के नियमानुसार प्रॉक्टोरियल बोर्ड को जरूरी कार्रवाई के लिए सौंपे जाने का निर्णय लिया गया है।
गौरतलब है कि शशांक सांगवान को बीती रात हमले के बाद पीजीआईएमएस के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराना पड़ा। एमडीयू कुलसचिव व चीफ वार्डन ब्वॉयज प्रो. रणदीप राणा ने ट्रामा सेंटर जाकर छात्र का हाल जाना व हौसला दिया। संप्रति छात्र को उनके परिजन अपने साथ घर ले गए। कुलपति ने कहा कि परिसर में किसी प्रकार की अनुशासनहीनता स्वीकार्य नहीं होगी। विश्वविद्यालय में इस प्रकार के किसी अनुचित कार्य पर प्रशासन कड़ाई के साथ उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा।