फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अग्निपथ योजना : विरोध में उतरे किसान व युवा, रोड जाम किया

विज्ञापन
अग्निपथ योजना के विरोध में एमडीयू के गेट नम्बर दो के सामने रास्ता जाम कर जमीन पर बैठे युवा। अमर उज? - फोटो : RohtakCity
विज्ञापन
रोहतक। केंद्र सरकार की सेना में भर्ती योजना अग्निपथ के विरोध में शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय के बाहर किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी व आप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद के नेतृत्व में सात घंटे धरना दिया गया। साथ ही युवाओं ने एमडीयू के गेट नंबर दो पर रोड जाम कर सरकार का पुतला फूंका, जबकि महम में बैंसी गांव के अड्डे के पास गोहाना मार्ग एक घंटे तक जाम किया। शनिवार को भी युवा रोहतक व महम में प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही तय हुआ है कि 22 जून को सांपला में सर छोटूराम स्मारक के पास दिल्ली कूच व आंदोलन चलाने के लिए बैठक होगी।
विज्ञापन

भाकियू नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने शुक्रवार को हुडा कांप्लेक्स स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन की घोषणा की थी, जबकि आप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद की युवाओं के साथ मिलकर भाजपा कार्यालय के बाहर शनिवार को प्रदर्शन की तैयारी थी। इसके चलते जिला प्रशासन ने शुक्रवार व शनिवार को धारा 144 लगा दी थी। बावजूद इसके सुबह नौ बजे सैकड़ों की संख्या में युवा राजीव गांधी स्टेडियम के बाहर एकत्रित हुए। वहां से नवीन जयहिंद के नेतृत्व में शीला बाईपास पर पहुंचे। छात्रों का धड़ा भाजपा के प्रदेश कार्यालय की तरफ रवाना हुआ, जबकि दूसरा एमडीयू के गेट नंबर दो की तरफ चला गया, लेकिन 30 मिनट बाद दोनों गुट एमडीयू के गेट नंबर दो पर ही एकत्रित हो गए और रोड जाम कर दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लाइन लग गई। जाट आरक्षण आंदोलन के हालात याद कर पुलिस प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए, कहीं कोई गड़बड़ी न हो जाए। युवाओं ने पहले तो केंद्र सरकार का अग्निपथ योजना के विरोध में पुतला फूंका। इसके बाद युवाओं का भाजपा कार्यालय की तरफ कूच का आह्वान किया गया। जबकि गुरनाम सिंह चढूनी पहले ही भाजपा कार्यालय के बाहर बैठकर भूख हड़ताल शुरू कर चुके थे। शाम पांच बजे तक भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर धरना दिया गया। पुलिस ने कार्यालय को चारों तरफ से घेर रखा था, ताकि कोई अंदर न जाने पाए। हालांकि किसी भी प्रदर्शनकारी ने भाजपा कार्यालय की तरफ बढ़ने का प्रयास नहीं किया। सभी ने शांतिपूर्ण ढंग से धरना दिया।
महम में गोहाना मार्ग एक घंटे तक किया जाम, ट्रेन भी हुई लेट
उधर, महम में युवाओं ने बैंसी गांव के अड्डे पर गोहाना-भिवानी मार्ग को जाम कर दिया। मामले की सूचना पाकर लाखनमाजरा थाना प्रभारी रणबीर सिंह मौके पर पहुंचे और गांव के सरपंच कृष्ण छाबड़ा की मदद से युवाओं को समझाकर जाम खुलवाया। वहीं, दिल्ली जा रही जम्मूतवी एक्सप्रेस, बठिंडा जा रही किसान एक्सप्रेस व जम्मू से तिरुमेलवली जा रही तिरुमेलवली एक्सप्रेस 3-3 घंटे देरी से रोहतक स्टेशन पर पहुंची। क्योंकि जींद के रवाना में युवाओं ने रेलवे ट्रैक को जाम कर रखा था।
विज्ञापन

...........
22 जून को सांपला में आंदोलन की रणनीति के लिए बैठक
अग्निपथ भर्ती योजना युवा विरोधी है। सरकार को योजना को वापस लेना होगा, इसके लिए आंदोलन चलाया जाएगा। शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर न केवल भूख-हड़ताल रखी गई, बल्कि शांतिपूर्ण से धरना दिया गया। इसकी रणनीति बनाने के लिए सांपला में 22 जून को छोटूराम स्मारक के पास बैठक होगी। इसमें तय किया जाएगा कि स्थायी धरना कहां शुरू किया जाएगा। भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर स्थायी धरने की योजना पर सहमति नहीं बन सकी है।
- गुरनाम सिंह चढूनी, भाकियू नेता
लगातार प्रदर्शन रहेगा जारी
अग्निपथ भर्ती योजना के तहत भर्ती होने वाले युवा चार साल में वापस आ जाएंगे। उनको वह सम्मान नहीं मिल सकेगा, जो पहले फौजी को मिलता रहा है। यह रोजगार नहीं, बल्कि युवाओं के सम्मान से भी जुड़ा मुद्दा है। योजना के विरोध में लगातार संघर्ष जारी रहेगा। शनिवार को महम व रोहतक में युवा अपना विरोध जताएंगे।
- नवीन जयहिंद, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आप
वर्जन-
जिले में शुक्रवार को शांतिपूर्ण ढंग से धरना प्रदर्शन किया गया। किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेना चाहिए। पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। शनिवार को भी धारा 144 लागू रहेगी।
विज्ञापन

- उदय सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक रोहतक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें