संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। पीजीआईएमएस रोहतक में पिछले कई दिनों से गहराए पानी के संकट ने मरीजों और तीमारदारों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए हैं, जिसके तहत उपचार के लिए आने वाले मरीजों और परिजनों के लिए वाटर कूलरों में पानी उपलब्ध कराया गया है। बुधवार को कई मरीज और तीमारदार इन वाटर कूलरों से पानी पीते नजर आए।
आपातकालीन विभाग के वार्डों के शौचालयों में भी सीमित मात्रा में पानी की व्यवस्था की गई है। हालांकि पानी की कमी के कारण सेंट्रलाइज एसी के चिलिंग प्लांट अभी भी बंद पड़े हैं, जिससे वार्डों में भर्ती मरीजों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
जल संकट के चलते संस्थान का जलघर नहरी पानी के इंतजार में लगभग सूखा नजर आ रहा है। ओपीडी, इमरजेंसी और वार्डों में आने वाले लोगों को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया जा रहा है।
-
भाई को पेट में ज्यादा दर्द होने पर इलाज के लिए आपात विभाग लाए थे। यहां पीने के पानी की तो दिक्कत नहीं है लेकिन विभाग में अंदर इलाज के समय गर्मी बहुत लगती है। अंदर लगे एसी बंद पड़े हैं। भीड़ में खड़ा होना मुश्किल हो जाता है। - रमन, खरावड़
वार्ड-3 में भर्ती रिश्तेदार से मिलने आया था। शौचालयों में व वाटर कूलर में पानी की समस्या नहीं है। पानी आ रहा है लेकिन गर्मी से जूझ रहे हैं। - राहुल, बहादुरगढ़
वर्जन
पेयजल के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। चिलिंग प्लांट में पानी की कमी से बंद ओपीडी, आपात विभाग व अन्य जगह के सेंट्रलाइज एसी को जल्द चलाने के प्रयास जारी हैं। जल्द समाधान हो जाएगा। - डॉ. उमेश यादव, जनसंपर्क अधिकारी, पीजीआई।