रोहतक। शहर के सेक्टर एक में हुई 2.62 करोड़ की लूट मामले में बदमाशों की तलाश जारी है। पुलिस की पांच टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस मामले में शनिवार को चार संदिग्ध हिरासत में लिए गए। इनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बदमाशों की फोटो युक्त पोस्टर जारी करते हुए जनता से इनकी पहचान की अपील की है। सूचना देने वालों के नाम गुप्त रखे जाने का वादा किया है।
एटीएम में नकदी डालने वाले कर्मचारियों से रुपये लूटने वाले नकाबपोश बाइक सवारों की तलाश जारी है। पुलिस की पांच टीमें एसपी उदय सिंह मीना की देखरेख में काम कर रही हैं। शनिवार को इस मामले की पड़ताल करते हुए चार लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को पूछताछ में कुछ पुख्ता तथ्य हाथ लगे हैं। इनका फिलहाल खुलासा नहीं किया गया है। जांच में नकदी डालने वाली कंपनी के कर्मचारियों की ओर शक की सुई घूम रही है। शनिवार को कंपनी के कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया। इनसे मामले से जुड़े कुछ जरूरी सवाल किए गए। पुलिस इनकी कॉल डिटेल खंगाल रही है। इससे और पुख्ता सबूत हाथ आने की संभावना है। पुलिस का दावा है कि वे बदमाशों के काफी नजदीक है। कुछ सुराग भी हाथ लगे हैं।
वर्जन:
पुलिस नकदी लूटने वालों को तलाश कर रही है। जनता से भी उनकी पहचान में सहयोग करने की अपील की गई है। बदमाशों का पोस्टर जारी कर दिया गया है। पुलिस के हाथ कुछ तथ्य लगे हैं। इनके आधार पर जांच की जा रही है। संदिग्धों से भी पूछताछ जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- उदय सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक।