शहर के स्पेयर पार्ट्स व्यापारी से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी मांगने वाले ने व्हाट्सएप पर कॉल करके खुद को काला राणा ग्रुप का सदस्य बताया है। महम पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, रंगदारी मांगने के मामले से व्यापारी और उसके परिवार में दहशत का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक फरमाणा गांव निवासी पवन उर्फ पोनी फरमानिया ने दी शिकायत में बताया कि उसके मोबाइल फोन पर सोमवार को 3 बजकर 29 मिनट पर व्हाट्सएप से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को काला राणा नए ग्रुप का सदस्य बताया और एक सप्ताह में 25 लाख रुपये की मांग करने लगा। रुपये नहीं देने पर अंजाम भुगतने की बात करने लगा। इसके बाद कॉल काट दी।
इस पर पीड़ित व्यापारी ने मार्केट के दुकानदारों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद सभी व्यापारी एकजुट होकर राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा से मिले। इस दौरान सांसद ने एसपी राहुल शर्मा से बात की। एसपी ने कार्रवाई का भरोसा दिया है। साथ ही लिखित शिकायत पर महम पुलिस ने धमकी देकर रंगदारी मांगने का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही साइबर टीम की मदद से नंबर का ब्योरा खंगाला जा रहा है। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि महम में रोहतक रोड पर मस्जिद के पास उसकी कई साल पुरानी स्पेयर पार्ट्स की दुकान है।