जिले की परीक्षा केंद्र पर उड़न दस्ते को देखते ही दीवारों पर चढ़े बाहरी तत्व भागने लगे। विज्ञप्ति
रोहतक। सख्ती के बाद भी हरियाणा बोर्ड की परीक्षा में नकल पर अंकुश नहीं लग सका है। सोमवार को 10वीं की अंग्रेजी विषय की परीक्षा में जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में 21 परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए। कई केंद्रोें के परिसरों में बाहरी लोगों की भीड़ लगी थी। बोर्ड चेयरमैन के नेतृत्व में बना उड़नदस्ता जब किलोई स्थित परीक्षा केंद्र पर पहुंचा तो भीड़ ने हल्ला मचा दिया। इसके बाद दीवारों पर चढे़ बाहरी युवक भाग गए। केंद्र के बाहर जुटी भीड़ को पुलिस तीन घंटे तक खदेड़ती रही।
दसवीं अंग्रेजी की परीक्षा में नकल की आशंका के मद्देनजर बोर्ड और शिक्षा विभाग के सचल दस्तों ने छापा मारने की तैयारी पहले से ही कर ली थी। बोर्ड चेयरमैन का उड़न दस्ता प्रधानाचार्य वेदप्रकाश के नेतृत्व में जांच करने किलोई स्थित परीक्षा केंद्र पर पहुंचा। टीम के सदस्य शिक्षक संजय कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्र के बाहर करीब 150 से अधिक युवकों की भीड़ जमा थी। युवक दीवारों पर चढ़े हुए थे। टीम को देख भीड़ ने शोर मचा दिया तो दीवारों पर चढ़े युवक भागने लगे। टीम परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंची तब भी युवक दीवारों पर चढे़ थे जिन्हें पुलिसकर्मियों ने खदेड़ा। केंद्र के बाहर मैदान में काफी भीड़ थी। उड़न दस्ता टीम ने केंद्र व्यवस्थापक से व्यवस्था सुधारने और यहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कराने के लिए कहा। उड़नदस्ते ने यहां तीन परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा।
इसके बाद उड़न दस्ता ने भालौठ केंद्र पर भी छापा मारा। यहां भी केंद्र के बाहर बाहरी युवक मिले। इस केंद्र पर दो परीक्षार्थी नकल करते पकडे़ गए। कंसाला स्थित परीक्षा कें द्र पर भी टीम पहुंची। यहां सबकुछ ठीक मिला।
वरिष्ठ प्रधानाचार्य सरिता के उड़नदस्ते ने सिंहपुर गांव स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। यहां केंद्र के बाहर भीड़ जमा थी और पुलिसकर्मी भीड़ को खदेड़ रहे थे। नांगल और चिड़ी परीक्षा केंद्र के बाहर भी बाहरी युवक मिले। एसडीएम सांपला के उड़नदस्ते ने चुलियाना केंद्र पर छापा मारा तो यहां भी केंद्र के बाहर बाहरी तत्वों की भीड़ मिली। डीएवी हसनगढ़ और इस्माइला केंद्र पर भी निरीक्षण किया गया। वरिष्ठ प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने गांधीनगर गर्ल्स और मॉडल टाउन परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। मॉडल टाउन के बाहर बाहरी लोग थे जिन्हें पुलिस हटवा रही थी। जिला शिक्षा अधिकारी के उड़नदस्ते ने भी कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इनमें कुछ केंद्रों के बाहर बाहरी लोग जुटे हुए थे।
पुलिस बल की कमी से नहीं रुक रही भीड़
परीक्षा केंद्रों पर दो से तीन पुलिसकर्मियों की ही ड्यूटी लगाई गई है जबकि नकल कराने के उद्देश्य से बाहर लोगों की भीड़ परीक्षा केंद्र परिसरों में जुट रही है। ऐसे में पुलिसकर्मी स्थिति को नियंत्रण में नहीं कर पा रहे हैं। एक तरफ पुलिसकर्मी बाहरी लोगों को हटाते हैं तो दूसरी तरफ फिर युवक नकल कराने के लिए दीवार फांद कर केंद्र के अंदर जाने की कोशिश करते रहे हैं। यही सिलसिला दिन भर चलता रहता है।
कोट
दसवीं अंग्रेजी की परीक्षा में सचल दस्तों ने जिले के कई केंद्रों में नकल करते कुल 21 परीक्षार्थियोें को पकड़ा।
- सत्यनारायण शर्मा, कंट्रोल रूम प्रभारी।