रोहतक। कोरोना फिर सक्रिय हो चला है। जिले में शनिवार को पांच चिकित्सकों समेत 20 नए कोरोना संक्रमित केस मिले हैं। इनमें से चार चिकित्सक पीजीआई से हैं। ऐसे में स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर मास्क प्रयोग करने की आवश्यकता है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को लैब से जारी रिपोर्ट में 20 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। इनमें से 11 महिलाएं व नौ पुरुष हैं। संक्रमित मरीजों में एक ग्रामीण व शेष 19 शहरी क्षेत्र में रहने वाले हैं। पिछले तीन दिनों से कोरोना केस लगातार बढ़ रहे हैं। इसके चलते जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़ कर 62 पहुंच गई है। गनीमत यह है कि किसी भी मरीज की हालत फिलहाल गंभीर नहीं है। इसके चलते इन्हें घरों में एकांतवास में रख कर उपचार दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने दिनभर में 416 लोगों के सैंपल लिए। जबकि 106 को अपनी रिपोर्ट का इंतजार रहा। जिले में संक्रमण की दर 0.048 प्रतिशत व सुधार की दर 97.99 प्रतिशत रही। सुधार की दर में पिछले दो दिनों में गिरावट आई है। यह दो दिन पहले 98.06 प्रतिशत थी। विभाग का टीकाकरण अभियान भी जारी है। इसके तहत लोगों को वैक्सीन दी जा रही है।
-----
कोविड फिर पसारने लगा पांव
पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के डीन छात्र कल्याण डॉ. गजेंद्र सिंह ने कहा कि एक बार फिर से कोविड अपने पांव पसारने लगा है। पीजीआईएमएस चिकित्सक इसकी चपेट में आना शुरू हो गए हैं। गत दिवस भी पीजीआईएमएस के तीन सीनियर चिकित्सकों के साथ जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज एवं कोविड कंट्रोल रूम के इंचार्ज डॉ. वरुण अरोड़ा की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। ऐसे में हमें सतर्कता बरतनी होगी। उन्होंने कहा कि हमें सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क लगाने व अन्य जरूरी हिदायतों का पालन करना होगा। कोविड के बढ़ते खतरे को देखते हुए विद्यार्थी मास्क अवश्य पहनें।