पुलिस ने वीटा प्लांट के नजदीक एक क्रेटा कार के ट्यूबलेस टायर में छिपाकर लाई गई 2 किलो 58 ग्राम चरस बरामद की है। बाजार में इसकी कीमत 3 लाख से ज्यादा आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी रैनकपुरा निवासी अनिल उर्फ लीला को गिरफ्तार कर लिया है। उसे सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक एचएसएनसी यूनिट के एडीजीपी श्रीकांत जाधव ने नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की हिदायत दे रखी है। रविवार देर रात रोहतक की टीम को सूचना मिली कि रैनकपुरा निवासी अनिल उर्फ लीला अपनी क्रेटा गाड़ी से गोहाना रोड की तरफ से सुखपुरा चौक की तरफ आ रहा है। गाड़ी के कंडक्टर साइड के पिछले टायर के अंदर नशीला पदार्थ है। डीएसपी मुख्यालय गोरखपाल राणा सूचना पाकर मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में गाड़ी के पिछले टायर की जांच की। जब ट्यूबलेस टायर को खोला गया तो अंदर एक रबड़ की छोटी ट्यूब मिली। उसे निकाल की जांच की तो उसके अंदर दो किलो 58 ग्राम चरस मिली।