सुरक्षा की दृष्टिकोण से शहर में लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरे की फाइल पांच महीने बाद भी मुख्यालय नहीं भेजी जा सकी है। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रशासन शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कितना गंभीर है। नगर निगम व पुलिस प्रशासन ने मार्च-अप्रैल माह में सर्वे करके तीसरे चरण में 47 जगहों पर 180 सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए लोकेशन फाइनल की थी, लेकिन अभी तक फाइल को प्रशासनिक अनुमति नहीं मिली है। मेयर का कहना है कि निगम आयुक्त से आग्रह करेंगे कि वे मंडल आयुक्त से मीटिंग के लिए समय लें, ताकि जल्दी शहर में सीसीटीवी कैमरे लग सकें।
प्रदेश की सियासी राजधानी रोहतक शहर को सुरक्षा के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जाता है। वर्ष 2016 में जाट आरक्षण आंदोलन के दौरान शहर में जमकर हिंसा हुई थी। इसके अलावा शहर में लगातार वारदात होती रहती हैं। कुछ समय से झपटमारी की वारदात बढ़ी है। खासकर सेक्टरों में झपटमार आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। नगर निगम की तरफ से पहले व दूसरे चरण में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चौक-चौबंद करने के लिए 260 के करीब सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे। उनमें से 37 कैमरे अभी खराब पड़े हैं या निर्माण कार्य के चलते हटा दिए गए हैं। इसके अलावा तीसरे चरण में 47 स्थानों पर 180 सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना है। इसके लिए पांच माह पहले नगर निगम व पुलिस की संयुक्त टीम सर्वे भी कर चुकी है। सूची को प्रशासन की ओर से अनुमति मिलना बाकी है।
मंडल आयुक्त से मांगा जाएगा समय, पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लगाएगा कैमरे
मेयर ने बताया कि तीसरे चरण में लगने वाले सीसीटीवी कैमरों की लोकेशन की सूची पांच माह पहले तैयार हो गई थी। तत्कालीन मंडल आयुक्त से दो बार समय मांगा गया, लेकिन किसी कारण मीटिंग नहीं हो सकी। अब निगम आयुक्त के माध्यम से मंडल आयुक्त से जल्दी मीटिंग के लिए समय मांगा जाएगा। इसके बाद प्रशासन के आला अधिकारियों की मीटिंग फाइल को हरी झंडी देगी। कमेटी में डीसी, पुलिस अधीक्षक, निगम आयुक्त के अलावा प्रशासन के दूसरे विभागों के अधिकारी भी होंगे। इसके बाद फाइल हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन को भेजा जाएगा। कॉरपोरेशन की तरफ से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
शहर के इन प्वाइंटों पर लगाए जाने हैं सीसीटीवी कैमरे
लोकेशन संख्या
: झज्जर रोड टी प्वाइंट 4
: तिलियार कन्वेंशन 3
: पावर हाउस सुखपुरा चौक से जींद बाईपास 4
: पावर हाउस नियर राणा मोटर्स 4
: हुडा बाईपास नियर जींद चौक 3
: ओल्ड सीआईए स्टाफ 3
: पालिका बाजार 4
: शिवाजी कॉलोनी 6
: कच्चा बेरी रोड 4
: सुभाष रोड 4
: श्रीराम रंगशाला गेट 4
: चार खंभा चौक, मॉडल टाउन 4
: टी प्वाइंट, नजदीक हुडा ऑफिस 3
: सेक्टर 3 मार्केट 4
: सेक्टर 4 मार्केट 4
: सेक्टर 1 मार्केट 6
: सेक्टर 2 मार्केट 4
: सेक्टर 14 मार्केट 4
: रामलीला चौक 3
: वैश्य एजुकेशन संस्था 6
: जाट एजुकेशन संस्था 6
: गुलाब रेवड़ी चौक 4
: सुरेश हलवाई, बाबरा मोहल्ला 4
: गोकर्ण धाम 2
: बाबरा चौक 4
: नियर सब्जी मंडी 4
: काठमंडी, झज्जर रोड 4
: हिसार रोड, आरओबी 4
: सुंदरपुर रोड 4
: हैफेड चौक 4
: आकाशवाणी चौक 2
: बजरंग भवन फाटक 2
: नियर न्यू बस स्टैंड 4
: कुताना बस्ती 4
: ताऊ देवीलाल पार्क, दिल्ली बाईपास 4
: गोकर्ण पार्क 5
: प्रेम नगर चौक 4
: नियर जाट भवन 4
: मातूराम कम्युनिटी सेंटर 4
: कन्हेली रोड कम्युनिटी सेंटर 4
: सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट 4
: वैश्य कॉलेज रोड 2
: पटाका फैक्टरी चौक 4
: काठमंडी 2
: जींद बाईपास 2
: कसाई वाला चौक 5
: आर्य नगर चौक 3
निगम लिखित में लेगा ट्रैफिक पुलिस से सिग्नल की टाइमिंग
शहर में छह माह से बंद पड़ी ट्रैफिक लाइट को निगम ने चालू तो कर दिया है, लेकिन टाइम सेट न होने की वजह से अभी सिग्नल काम नहीं कर रहे हैं। मंगलवार को मेयर ने निगम के अधिकारियों से बात की। अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने ट्रैफिक पुलिस से लिखित में दो दिन के अंदर हर सिग्नल की टाइमिंग मांगी है। इसके बाद ट्रैफिक लाइट की देखरेख करने वाली एजेंसी के एक्सपर्ट को बुलाकर ट्रैफिक लाइट को व्यावहारिक तौर पर चालू किया जाएगा।