ब्लॉक स्तरीय एंटी सेक्सुअल हैरेसमेंट कमेटी करेगी गुरुकुल कांड की जांच
-जिला शिक्षा अधिकारी ने बीईओ को दिए निर्देश, मंगलवार को कमेटी के सदस्य पहुंचेंगे कार्यालय में
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। गुरुकुल में मासूमों के यौन शोषण पर शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर बीईओ ने ब्लॉक स्तरीय एंटी सेक्सुअल हैरेसमेंट कमेटी गठित कर दी है। इसमें चार स्कूलों के प्राचार्य को शामिल किया गया है। सोमवार को जांच करने के आदेश दिए गए। मंगलवार को कमेटी गुरुकुल का दौरा करेगी।
जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता रुहिल ने बीईओ को आदेश जारी किया है। बीईओ वीरेंद्र मलिक ने बताया कि मामले की जांच का आदेश ब्लॉक स्तरीय एंटी सेक्सुअल हैरेसमेंट कमेटी को दिया गया। इस तरह का मामला सामने आने पर ही कमेटी संबंधित शिक्षण संस्थान का दौरा करती है। शिकायत आने से पहले कमेटी किसी स्कूल प्रबंधन, शिक्षक या विद्यार्थी से इस विषय में बात नहीं करती। उन्होंने बताया कि कमेटी के सदस्यों को सुबह नौ बजे बीईओ कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं से यह कमेटी बाद में गुरुकुल जाएगी। इस कमेटी में बीईओ के साथ सांघी स्कूल के प्राचार्य जयपाल, लाठौत स्कूल के प्राचार्य राजेंद्र सांगवान, बालंद स्कूल की प्राचार्या आशा दहिया व करौंथा स्कूल की प्राचार्या विजय बाला को रखा गया है।
गुरुकुल प्राचार्य ने चल रहे छुट्टी पर
बीईओ वीरेंद्र मलिक ने बताया कि गुरुकुल के प्राचार्य ने शनिवार को ही छुट्टी के लिए अर्जी दे दी थी। इसी वजह से वह सोमवार को गुरुकुल में मौजूद नहीं रहे।
बीईओ को दी गुरुकुल प्रबंधन ने मौखिक जानकारी
गुरुकुल प्रबंधन ने मौखिक रूप से उन्हें बताया कि मामले से संबंधित चार बच्चों के अभिभावकों ने प्रबंधक को एफिडेविट देकर उनके बच्चों के साथ यौन शोषण किए जाने से इनकार किया है। बीईओ ने स्पष्ट किया कि अभी एफिडेविट दिए जाने की बात मौखिक ही है, इस संबंध में किसी भी अभिभावक से बात नहीं हुई। जांच और पूछताछ के बाद ही एफिडेविट की सत्यता पर कुछ कहा जा सकेगा।