अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। मानव संसाधन विकास मंत्रालय की तरफ से आयी यूजीसी की तीन सदस्यीय टीम ने दूसरे दिन भी एमडीयू कैंपस की स्वच्छता का निरीक्षण किया। यूजीसी की टीम ने दिन भर विभिन्न विभागों और आवासीय परिसर का दौरा किया।
यूजीसी टीम में शामिल प्रो. आरके गर्ग (दीनबंधु छोटूराम यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एण्ड टेक्नोलॉजी मुरथल), प्रो. नीरा वर्मा (कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय) और यूजीसी में रुकमणी श्रीनिवासन ने रसायन शास्त्र विभाग में पहुंची। यहां पर प्रयोगशाला की व्यवस्था का निरीक्षण किया। वहीं जेनेटिक्स विभाग में भी मौका मुआयना किया। यहां से निरीक्षण के बाद टीम ने मनोविज्ञान विभाग, यूआईईटी और इमसॉर में भी सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। टीम ने यूनिवर्सिटी के हर्बल गार्डन में भी अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र कुमार ने औषधीय पौधें को लेकर जानकारी ली। साथ ही यूनिवर्सिटी में कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया को भी जाना। टीम ने यूनिवर्सिटी के आवासों का भी मौका मुआयना किया। आखिर में टीम ने कुलपति प्रो. बिजेंद्र कुमार पूनिया, रजिस्ट्रार जितेंद्र भारद्वाज और डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. अजय कुमार राजन के साथ बैठक की। दो दिवसीय निरीक्षण के बाद टीम वीरवार शाम वापस चली गई। यह टीम मानव संसाधन विकास मंत्रालय को अपनी रिपोर्ट देगी। इसमें रिपोर्ट में ही यूनिवर्सिटी की स्वच्छता रैंकिंग तय होगी। इस मौके पर विभागाध्यक्ष प्रो. एसपी खटकड़, विभागाध्यक्ष प्रो. जेपी यादव, विभागाध्यक्ष प्रो. नवरत्न शम्रा, निदेशक प्रो. राहुल ऋषि, निदेशक प्रो. एएस बूरा, प्रो. महताब, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, अधिशासी अभियंता जगदीश दहिया, पीआरओ पंकज नैन, सुरक्षा नियंत्रक तरूण शर्मा, उपकुलसचिव सामान्य प्रशासन मनोज कुमार बधवार भी मौजूद रहे।