हरियाणा बोर्ड के 10वीं के विज्ञान की परीक्षा के दौरान गौड स्कूल के गेट पर पुस्तक के साथ खड़े लोग। अ?
- फोटो : RohtakCity
रोहतक। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा के विज्ञान विषय की परीक्षा में जमकर नकल चली। उड़नदस्तों ने नकल के 10 केस बनाए। इनमें से तीन केस बोर्ड चेयरमैन की फ्लाइंग ने बनाए। यही नहीं, चुलियाना, इस्माईला व गांधरा में बाहरी हस्तक्षेप पाया। चुलियाना में नकल की बड़ी मात्रा में प्रतियां मिलने पर परीक्षा की पवित्रता भंग होने का हवाला देते हुए यहां की परीक्षा रद्द कराने की सिफारिश की।
सोमवार को विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा को लेकर केंद्रों के बाहर हस्तक्षेप बना रहा। नकल कराने वाले दीवारों व प्रवेश द्वार के बाहर किताबों के साथ खड़े नजर आए। ज्यादातर परीक्षा केंद्रों पर कागज की पर्चियां बड़े स्तर पर मिली। उड़नदस्तों के केंद्र में प्रवेश करते हुए कमरों की खिड़कियों से परीक्षार्थियों ने कागज के पुलिंदे बाहर फेंक दिए। इन्हें चेयरमैन फ्लाइंग ने उठाकर प्रश्न पत्र से मिलाया तो प्रश्न व उनके उत्तर हूबहू मेल खाते मिले। इसके चलते चुलियाना परीक्षा केंद्र की परीक्षा रद्द कराए जाने की सिफारिश की गई। इस उड़नदस्ते ने तीन केस बनाए। जिले में सोमवार को कुल दस केस बने।