सोनीपत। नेशनल हाईवे-44 पर राई के पास हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान टूटे मोबाइल की सिम से हो सकी। हादसे में युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था, जिसके चलते उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी।
रविवार को राई थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गोल्डन हट ढाबे के पास सड़क पार कर रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। शव की हालत बेहद खराब होने के कारण पहचान करना मुश्किल हो गया। मौके पर कोई पहचान संबंधी दस्तावेज भी नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से टूटा हुआ मोबाइल फोन मिला। पुलिसकर्मियों ने मोबाइल से सिम निकालकर दूसरे फोन में डाली। कुछ देर बाद उस नंबर पर एक मिस कॉल आई, जो मृतक के घर से थी। पुलिस ने संपर्क किया तो पता चला कि मृतक उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी जयप्रकाश वर्मा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि जयप्रकाश करीब दो माह पहले ही राई औद्योगिक क्षेत्र में काम करने आया था। मंगलवार को परिजनों के पहुंचने के बाद राई थाना पुलिस ने मृतक के बड़े भाई श्रीप्रकाश के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।