शहर के बाजारों में अतिक्रमण रोकने के लिए नगर परिषद की ओर से बाजारों में पीली पट्टी की लक्ष्मण रेखा खींची जाएगी। पहले कुछ मार्गों पर नगर परिषद की ओर से ट्रायल के तौर पर ऐसा किया जाएगा। सकारात्मक परिणाम आने के बाद सभी बाजारों में पीली पट्टी खींची जाएगी। नगर परिषद के निर्णय का बाजार के व्यापारियों ने भी स्वागत किया है।
कई सालों से शहर के बाजारों में ट्रैफिक का बहुत बुरा हाल रहता है। इसका कारण व्यापारियों द्वारा किया जा रहा अतिक्रमण है। अब त्योहारी सीजन होने की वजह से दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण को और अधिक बढ़ा दिया गया है। स्थानीय दुकानदारों द्वारा लगातार किए जा रहे अतिक्रमण के चलते शहर के मेन बाजार का रास्ता 60 फुट से सिकुड़कर 7 से 8 फुट का रह गया है, जिससे बाजार में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। अब इस पुराने सिस्टम को नगर परिषद बदलने वाली है। बाजार में अतिक्रमण रोकने के लिए सबसे पहले सड़कों पर पीली पट्टी लगाई जाएगी। यह पीली पट्टी बाजार के दुकानदारों के लिए एक तरह की लक्ष्मण रेखा होगी। अगर इस पट्टी से बाहर अतिक्रमण मिला तो दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई जाएगी।
सुबह बाजार खुलने या बंद होने के बाद मंगवाए सामान
शहर के तमाम बाजारों में अतिक्रमण और जाम की समस्या नासूर बन चुकी थी। व्यापारी खुद लगातार मांग उठा रहे थे कि बाजारों में से अतिक्रमण हटाया जाए और चौपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए। व्यापारियों की इस मांग पर नगर परिषद की चेयरपर्सन पूनम यादव पिछले दिनों खुद बाजार में निकली थीं। चेयरपर्सन ने व्यापारियों से हाथ जोड़कर निवेदन किया था कि अतिक्रमण को वह खुद ही हटा लें अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद नप की टीम ने बाजार में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के चालान किए थे। वहीं एसएचओ शहर थाना संजय कुमार व ट्रैफिक पुलिस से बहादुर सिंह ने बाजार में सड़क पर ही खड़े चौपहिया वाहनों को क्रेन से हटवाया तथा उनके चालान भी काटे।
पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि अब व्यापारी भी अपना सामान सुबह बाजार खुलने से पहले या फिर बाजार बंद होने के बाद मंगवाए, अन्यथा उनका माल लाने वाले भारी वाहन का भी चालान किया जाएगा।
इन स्थानों पर लगाई जाएंगी पीली पट्टियां
नगर परिषद की ओर से ट्रायल के तौर पर बाजार के गोकल गेट से पंजाबी मार्केट तक सड़क पर 3 फीट तक पीली पट्टी लगाई जाएगी। वहीं पंजाबी मार्केट मोड़ से मोती चौक तक 4 फीट, मोती चौक से पुरानी सब्जी मंडी तक 2 से 3 फीट तक दुकानों से आगे पीली पट्टी लगाई जाएगी। यह पीली पट्टी बाजार के दुकानदारों के लिए एक तरह का सिग्नल होगा कि अगर इस पट्टी से बाहर अतिक्रमण मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह नगर परिषद की अच्छी पहल है। हम नगर परिषद की चेयरपर्सन के फैसले का स्वागत करते हैं। इससे बाजार में लगवाने जाम से लोगों को राहत मिलेगी। स्थानीय दुकानदारों के द्वारा नगर परिषद का पूरा सहयोग किया जाएगा।
दीपेश भार्गव, बजाजा मार्केट एसोसिएशन प्रधान।
बाजार के पीली पट्टी लगने के बाद बाजार में काफी हद अतिक्रमण पर लगाम लगेगी। वहीं बाजार में चौपहिया वाहनों की एंटी बंद करने के बाद काफी हद तक बाजार में लगने वाले जाम से निजात मिली हैं। पीली पट्टी के आगे अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी तो बाजार को जाम से मुक्ति मिलेगी। -विवेक ढीगरा, गोकल बाजार मार्केट एसोसिएशन संरक्षक।
नगर परिषद लगातार शहर की समस्या के समाधान करने के लिए प्रयासरत है। इसी को ध्यान में रखते हुए बाजार में पीली पट्टी लगवाई जाएगी। अगले कुछ ही दिनों में यह काम भी शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा फुटपाथ पर सामान रखने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। -पूनम यादव, नगर परिषद चेयरपर्सन