रेवाड़ी। बावल औद्योगिक क्षेत्र में रुपये निकालने के लिए आए एक व्यक्ति को अपने झांसे में लेकर ठग ने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। साथ ही उनके खाते से 70 हजार रुपये निकाल भी लिए। मोबाइल पर बैंक खाते से रुपये निकलने के मैसेज आने के बाद उन्हें ठगी के बारे में पता लगा। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव हरचंदपुर निवासी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि उनकी बावल के मोहल्ला हसनपुरा में दर्जी की दुकान है। उन्होंने बावल स्थित भारतीय स्टेट बैंक में बचत खाता खुलवाया हुआ है और एटीएम कार्ड लिया हुआ है। 26 फरवरी को वह अपने रेलवे रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम बूथ पर रुपये निकालने के लिए आए थे। काफी प्रयास करने के बाद भी एटीएम से रुपये नहीं निकले। उनके पीछे खड़ा युवक जल्दबाजी करने लगा और मदद करने का झांसा देकर एटीएम कार्ड लेकर रुपये निकालने लगा। इस दौरान युवक ने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया, जिसके बारे में उन्हें पता नहीं लग पाया। रुपये नहीं निकलने पर वह वापस लौट आए। वह दुकान पर पहुंचे तो उनके खाते से पहली बार 50 हजार रुपये और उसके बाद दो बार दस-दस हजार रुपये निकलने के मैसेज आए। उन्होंने अपना एटीएम कार्ड देखा तो वह किसी और व्यक्ति के नाम का था। उन्होंने तुरंत ही बैंक में संपर्क कर अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया और पुलिस को सूचना दी। कसौला थाना पुलिस ने सुरेंद्र सिंह की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी व धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।