अस्पताल में विलाप करती मृतका की बेटी।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। धारूहेड़ा के सेक्टर छह में एक व्यक्ति ने पत्नी की चाकू से गोद कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद व्यक्ति मौके से फरार है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी व्यक्ति चार साल पहले ही बीएसएनएल से सेवानिवृत्त हुआ है।
औद्योगिक क्षेत्र धारूहेड़ा के सेक्टर-6 में एक मकान में बुधवार को 55 वर्षीय राजबाला का खून से लथपथ शव बरामद हुआ है। राजबाला की बेटी का आरोप है कि उसकी मां की हत्या पिता सतबीर ने ही की है।
सतबीर ने चार साल पहले बीएसएनएल कंपनी से रिटायर्ड होकर सेक्टर छह में अपना घर बनाया था। वह मूलरूप से गुरुग्राम के बोहड़ा कलां के रहने वाले हैं। जानकारी देते हुए सतबीर की बेटी ने बताया कि कुछ समय से मम्मी पापा में घरेलू विवाद चल रहा था। बुधवार को भी दोनों में झगड़ा हो गया। इस पर गुस्साए सतबीर ने पत्नी राजबाला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वह मौके से फरार हो गए। वहीं सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के भिजवाया है।
फोन रिसीव न होने पर बेटी को हुआ था शक
बेटी के अनुसार बुधवार की सुबह राजबाला को वह लगातार फोन करती रही, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। शक होने पर उसने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद वह पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। मां को खून से लथपथ देख बेटी के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने बताया कि मम्मी पापा में पहले भी झगड़े होते रहे हैं। सतबीर के दो बेटे हैं। जिनमें से एक बंगलूरू में नौकरी करता है। मृतका की बेटी ने लव मैरिज की है, वह परिवार से अलग रहती हैै। हालांकि मां से उसकी बातचीत होती रहती थी। राजबाला का छोटा बेटा भी एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
---------------------------
हत्या क्यों की गयी यह जांच का विषय है:
अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित एसएचओ को जांच के लिए लगाया गया है। कल इसकी पूरी जानकारी दी जाएगी। -राजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक।