रेवाड़ी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी यशेन्द्र सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक जनवरी 2022 को आधार तिथि मानकर जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य प्रभावी रूप से जारी है जो 30 नवंबर तक चलेगा। इस अवधि में 18 साल से अधिक आयु वर्ग के युवाओं का वोट बनवाना उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची देखने के उपरांत कोई भी योग्य व्यक्ति वोट बनवाने, वोट कटवाने या शुद्धि करवाने के लिए अपना फार्म भरकर दे सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी यशेंद्र सिंह ने बताया कि रेवाड़ी जिला में विद्यालयों में बनें मतदान केंद्रों पर 30 नवंबर तक सभी बीएलओ मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि जिले का कोई भी व्यक्ति उक्त मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निर्धारित आयु के प्रमाण-पत्रों सहित वोट बनवा सकता है। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर तक जिले के विद्यालयों में बने मतदान केद्रों पर बीएलओ उपस्थित हैं ताकि योग्य पात्र व्यक्ति के वोट बनाए जा सकें । इसके अलावा सभी शिक्षण संस्थाओं में भी विद्यार्थियों के वोट बनाए जाने सुनिश्चित किए जा रहे हैं। डीसी ने बताया कि जिला के सभी मतदान केंद्रों पर शनिवार, 27 नवंबर व रविवार, 28 नवंबर को निर्वाचन विभाग की ओर से दावे और आपत्तियां प्राप्त करने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन अवकाश के दिनों में भी बीएलओ सुबह नौ से शाम पांच बजे तक अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर मौजूद रहेंगे।