प्रदर्शनी में अवलोकन कर ज्ञानवर्धक जानकारी लेते विद्यार्थी।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। आजादी अमृत महोत्सव के मद्देनजर जिला मुख्यालय पर चल रही स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा की भूमिका थीम आधारित डिजिटल प्रदर्शनी बुधवार को गरिमामयी ढंग से संपन्न हो गई। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के तत्वावधान में बाल भवन ऑडिटोरियम में तीन दिवसीय डिजिटल प्रदर्शनी के समापन अवसर पर कोसली से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव व एसडीएम रविंद्र यादव ने अवलोकन करते हुए प्रदर्शनी को युवा पीढ़ी के लिए संदेशात्मक कदम बताया।
डीआईपीआरओ दिनेश कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विभागीय स्तर पर लगाई गई प्रदर्शनी के बारे में जानकारी दी। तीन दिन तक डिजिटल प्रदर्शनी में जिलेभर के विद्यार्थियों ने अवलोकन किया कि हरियाणा का भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में क्या योगदान रहा है।
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के गौरवमय इतिहास का ज्ञान कराने के उद्देश्य से सक्रिय भूमिका अदा कर रही है।
एसडीएम रविंद्र यादव ने कहा कि रेवाड़ी में आयोजित डिजिटल प्रदर्शनी के माध्यम से वीर योद्धाओं की शहादत को नमन करने के साथ ही युवा वर्ग को सार्थक संदेश देने का कार्य प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार ने किया है। इस अवसर पर डीईईओ कपिल पूनिया, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, एआईपीआरओ सुरेश कुमार गुप्ता, एआईपीआरओ डॉ. अश्विनी शर्मा, डीसीडब्लूओ वीरेंद्र यादव, प्रवक्ता डॉ. ज्योत्सना, पूनम यादव व दीपक मंगला सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों व विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए हरियाणा के इतिहास की जानकारी डिजिटल रूप से ली।
------------