रेवाड़ी। बिजली कटौती और रात में लाइनमैन की अनुपलब्धता से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार रात बलियार स्थित 66 केवी सब स्टेशन पर ताला जड़ दिया। सब स्टेशन से करीब 15 गांवों को बिजली आपूर्ति होती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रात में अक्सर बत्ती गुल हो जाती है लेकिन सब स्टेशन पर कोई लाइनमैन ड्यूटी पर नहीं रहता जिससे घंटों तक बिजली बहाल नहीं हो पाती। ग्रामीणों ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। बिजली निगम के अधिकारी लाइनमैन की कमी का हवाला देकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि रात में सब स्टेशन पर नियमित रूप से लाइनमैन की तैनाती सुनिश्चित की जाए। बिजली आपूर्ति में बार-बार आने वाली बाधाओं को जल्द दूर किया जाए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। पुलिस और स्थानीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।