संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के सरकारी और एडेड कॉलेजों में स्नातकोत्तर (पीजी) की 780 सीटों पर दाखिले का विद्यार्थियों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अब तक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया का शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। पिछले वर्ष जुलाई के प्रथम सप्ताह में ही आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई थी लेकिन इस बार अब तक आधिकारिक कार्यक्रम घोषित नहीं होने से छात्र-छात्राओं के साथ कॉलेज प्रशासन भी असमंजस है।
स्नातक अंतिम वर्ष के परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद बड़ी संख्या में विद्यार्थी कॉलेजों में पीजी, सीटों और पात्रता संबंधी जानकारी ले रहे हैं। हालांकि कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि विभाग की ओर से शेड्यूल जारी होने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। फिलहाल विद्यार्थियों के पास इंतजार करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
इस वर्ष जिले के नौ सरकारी और एडेड कॉलेजों में पीजी के 780 सीटों पर दाखिले होंगे। पिछले वर्ष जिले में 660 सीटें थीं, जबकि इस बार 120 नई सीटें बढ़ाई गई हैं। सीटों में बढ़ोतरी से अधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा। विषयवार देखें तो कॉमर्स में सबसे अधिक 180 सीटें, जबकि भूगोल और राजनीति विज्ञान में 120-120 सीटें उपलब्ध हैं। इसके अलावा हिंदी, संस्कृत, गणित और एमसीए में 40-40 सीटें निर्धारित की गई हैं।
-
एमएससी बॉटनी पाठ्यक्रम होगा शुरू
इस बार सेक्टर-18 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में पहली बार एमएससी बॉटनी पाठ्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इसमें 40 सीटें स्वीकृत की गई हैं। इससे विज्ञान वर्ग की छात्राओं को जिले में ही उच्च शिक्षा का नया विकल्प मिलेगा। वहीं राजकीय महाविद्यालय कंवाली में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (पीजीडीसीए) की 40 सीटें उपलब्ध रहेंगी। यह रोजगारपरक कोर्स रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिले के सरकारी कॉलेजों में केवल कंवाली कॉलेज में संचालित होता है, जिसके कारण विद्यार्थियों में इसकी अच्छी मांग रहती है।
-
ये है सीटों की स्थिति
कॉलेजवार सीटों की बात करें तो सेक्टर-18 राजकीय महिला महाविद्यालय में एमकॉम की 60 सीटें, एमएससी भूगोल, एमए अंग्रेजी, एमए योग, एमए इतिहास और एमएससी बॉटनी की 40-40 सीटें हैं। बावल राजकीय महाविद्यालय में एमए संस्कृत, पाली महिला महाविद्यालय में एमसीए, कोसली कॉलेज में एमएससी गणित और एमए इतिहास, खरखड़ा कॉलेज में एमए भूगोल और एमकॉम, गुरावड़ा कॉलेज में एमए राजनीति विज्ञान, कंवाली कॉलेज में एमएससी भूगोल और पीजीडीसीए, अहीर कॉलेज में एमकॉम तथा केएलपी और आरडीएस महाविद्यालय में भी विभिन्न पीजी पाठ्यक्रमों की सीटें उपलब्ध हैं।
-
शेड्यूल जारी करने का अनुरोध
खरखड़ा राजकीय महाविद्यालय के प्रवेश नोडल अधिकारी मनु कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष जुलाई के पहले सप्ताह में रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया था। इस बार भी विभाग से जल्द शेड्यूल जारी होने की उम्मीद है। कॉलेजों की ओर से उच्च शिक्षा विभाग को शेड्यूल जारी करने के लिए अनुरोध भेजा गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल यूजी द्वितीय और तृतीय वर्ष के दाखिलों का शेड्यूल भी जारी नहीं हुआ है। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे उच्च शिक्षा विभाग और संबंधित कॉलेजों की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें। शेड्यूल जारी होते ही ऑनलाइन पंजीकरण और दाखिला प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।