जिला प्रशासन द्वारा एक दिसंबर से शुरू किए गए वन-वे के सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। वन-वे लागू होने के बाद शहर के सर्कुलर रोड की सूरत बिल्कुल बदल गई है। पहले जहां सर्कुलर रोड पर हर जगह जाम दिखाई देेता था वहां अब वाहन चालक वन-वे के चलते आरामदायक सफर कर रहे हैं। हालांकि कुछ बाइक सवार व गाड़ी चालक वन-वे के नियमों को ताक पर रख कर चल रहे है। जिस कारण कई बार वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं सर्कुलर रोड पर दुकानदारों द्वारा किया गया अतिक्रमण व सड़क पर खड़े वाहन जाम का कारण बन रहे है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन को अतिक्रमणकारियों व सड़क पर वाहन खड़े करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। सर्कुलर रोड पर नाईवाली चौक, झज्जर चौक, रेलवे चौक पर दिन में कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन जाती है। हालांकि यह जाम ज्यादा समय तक नही रहता। जिला प्रशासन को चाहिए कि इस चौक व चौराहे पर कुछ व्यवस्था की जाए। पुलिस प्रशासन की ओर से यातायात के नियमों का उलंघन करने वालों की अब खैर नही। गलत दिशा में वाहन चलाने वाले चालकों के पुलिस की ओर से चालान काटे जाऐंगे।
सर्कुलर रोड पर अस्पतालों व बैंकों के पास नही पार्किंग की कोई व्यवस्था
सर्कुलर रोड पर जाम का मुख्य कारण पार्किंग की व्यवस्था नही होना है। सर्कुलर रोड पर अस्पतालों व बैंकों के पास पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग सड़कों पर अपने वाहन को खड़ा कर देते जो जाम का कारण बन जाते है। जिला प्रशासन को सर्कुलर रोड पर पार्किंग को लेकर ठोस कदम उठाने होंगे ताकि वाहन चालकों को जाम में अपना समय बर्बाद न करना पड़े। सरकुलर रोड पर कई स्थानों पर आड़े व तिरछे कट के कारण भी कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। सरकुलर रोड पर पहुंचते ही वाहन चालक को दाईं तरफ ही तरफ मुड़ना पड़ेगा जबकि बाईं तरफ पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
समय-समय पर सर्कुलर रोड का जायजा लिया जा रहा है। पुलिस कर्मी हर चौक पर तैनात किए गए है। अगर वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करता है तो उसका चालान भी काटा जाएगा। मेरी लोगों से यही अपील है कि वे यातायात के नियमों का पालन करें। वन-वे के दौरान अब सर्कुलर रोड पर जाम की स्थिति पहले जैसी नहीं है।
-राजेश कुमार, एसपी।