नियम 134ए के तहत निजी स्कूलों में दाखिले को लेकर पांच दिसंबर को स्क्रीनिंग परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जिलें में नियम 134 ए के तहत दाखिला लेने के लिए खंड अनुसार जिले में नौ परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इस जिले से 2559 विद्यार्थी परीक्षा में हिस्सा लेंगे।
यह परीक्षा केवल निजी स्कूलों से आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए ही आयोजित होगी। परीक्षा को लेकर प्रशासन की तरफ से जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं जबकि राजकीय स्कूलों से आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के पिछली कक्षा में प्राप्तांकों की मेरिट के आधार पर दाखिले किए जाएंगे। इस वर्ष 3343 विद्यार्थियों ने आवेदन किए थे। विद्यार्थियों को आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना होगा तथा फोटो आईडी और रजिस्ट्रेशन आईडी की जांच करने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।
इन स्कूलों में बनाए गए हैं परीक्षा केंद्र
जिले में बावल खंड में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बावल, जाटूसाना खंड में रावमावि जाटूसाना और राकउवि जाटूसाना, नाहड़ खंड में रावमावि नाहड़, खोल खंड में रावमावि खोल, रेवाड़ी खंड में जैन गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल रेवाड़ी, सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी, हिंदू सीनियर सेकेंडरी स्कूल रेवाड़ी, और राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का समय सुबह 12 बजे से 3 बजे तक रखा गया है।
यह रहेगा आगामी शेड्यूल
विभाग की तरफ से पांच दिसंबर को स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की जाएगी। उसके पश्चात 10 दिसंबर को परिणाम घोषित किया जाएगा। 13 दिसंबर को पहला ड्रा निकाला जाएगा। 15 से 24 दिसंबर तक ड्रा के आधार पर दाखिले किए जाएंगे। अगर सीटें रिक्त रहती हैं तो दूसरे ड्रा की सूचना दी जाएगी।
स्क्रीनिंग परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा के सुचारु संचालन को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस बार विद्यार्थियों को स्कूल अलॉट होने की सूचना मोबाइल नंबर पर ही मिलेगी।
- डॉ. राजेश यादव, जिला शिक्षा अधिकारी।