उपमंडल बावल के गांव टांकड़ी के राजगढ़ रोड के पास जंगल में बने एक कमरे में अज्ञात पुरुष का शव मिलने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद बावल पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की शिनाख्त और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू हो गया।
बावल पुलिस के एसएचओ बिजेंद्र सिंह ने इस वारदात की जानकारी मिलने के बाद तुरंत अपने उच्चाधिकारी डीएसपी राजेश कुमार को जानकारी दी। अधिकारियों की ओर से इस संबंध में मृतक की शिनाख्त कराने के लिए निर्देश देने के साथ ही मौके का मुआयना करने और आम लोगों को वारदात वाली जगह पर आने से रोकने के आदेश दिए। देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं होने की वजह से शव को शव गृह में भिजवा दिया गया।
फोरेंसिक टीम भी पहुंची मौके पर
डीएसपी राजेश कुमार के मुताबिक इस वारदात की सूचना मिलने के बाद मौके पर फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलवाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस तत्परता के साथ जांच में जुटी है।
शिनाख्त में सहयोग दे जनता
बावल पुलिस ने जिलेवासियों से देर शाम यह अपील कि वारदात को लेकर मृतक की शिनाख्त करने में अपना सहयोग दें। पुलिस के मुताबिक इस वारदात की जांच में समय लगने की वजह से शुक्रवार को मृतक के शव का पंचनामा नहीं कराया जा सका। यह काम शनिवार को कराया जाएगा। इसके बाद 72 घंटे तक इसकी शिनाख्त की जा सकेगी।
बावल पुलिस को एक सूचना मिली थी कि गांव टांकड़ी के पास एक कोठरे में अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। पुलिस जांच में मृतक की उम्र करीब 40 साल प्रतीत होती है और उसके सिर पर चोट के निशान हैं। हत्यारे ने मरने वाले के शरीर को जलाने का प्रयास भी किया है। शव अधजला अवस्था में मिला। पुलिस को आशंका है कि मृतक की किसी ने हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस इस शव का पंचनामा करा रही है। पंचनामा रिपोर्ट के आधार पर इस केस में अगली कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
- राजेश कुमार, डीएसपी, बावल।