दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर जयसिंहपुर खेड़ा बॉर्डर के निकट रविवार को ट्राला की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। बाइक चालक अलवर जिले के गांव नांगल खोडिया का रहने वाला था जबकि पीछे बैठा व्यक्ति राजस्थान के जिला जालौर के सुमेरगढ़ निवासी हक्काराम था। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और अज्ञात चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि जिला अलवर के थाना बहरोड़ के गांव नांगल खोडिया निवासी 27 वर्षीय चंद्रप्रकाश धारूहेड़ा की एक कंपनी में कार्यरत था। रविवार दोपहर को वह बाइक से अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान चंद्रप्रकाश की मुलाकात राजस्थान के जिला जालौर के गांव सुमेरगढ़ निवासी 45 वर्षीय हक्काराम से हो गई। इसके बाद दोनों बहरोड़ के लिए जा रहे थे। जयसिंहपुर खेड़ा बॉर्डर के समीप पहुंचा तभी पीछे से दिल्ली की तरफ से आ रहे एक ट्राला चालक ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद उनकी बाइक ट्राला के नीचे आ गई और इस दुर्घटना में दोनों की कुचलकर मौत हो गई।