रेवाड़ी। गढ़ी बोलनी रोड के बखापुर मोड़ के पास होटल के सामने शनिवार की रात सड़क किनारे खड़े यूपी निवासी चार लोगों को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई तथा दो घायलों में से एक ने कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने के बाद गढ़ी बोलनी चौकी पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपकर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यूपी के जिला मुरादाबाद के गांव डंडा निवासी कुंवर पाल, महावीर, इमरतपुर स्योंडारा निवासी बीरेश कुमार सहित चार लोग राजस्थान के बीबीरानी से पिकअप के पीछे थ्रेसर लेकर गढ़ी बोलनी रोड होते हुए यूपी जा रहे थे। बखापुर मोड़ के पास एक होटल के सामने पिकअप रोककर सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे कुंवर सिंह व महावीर की मौके पर ही मौत ही गई तथा बीरेश कुमार घायल हो गया। जबकि एक अन्य ने कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।