रेवाड़ी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता वंदना पोपली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कृषि कानूनों को वापस लिए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने गुरुपर्व के दिन कृषि कानूनों को वापस लिया है। जिस प्रकार प्रधानमंत्री ने कहा किसानों के लिए किया था और देश के लिए वापस ले रहा हूं। इन्हीं शब्दों में प्रधानमंत्री की मूल भावना है।
भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने लगातार किसानों के हित में काम किए हैं चाहे किसानों के सीधा खाते में एक लाख बासठ हजार करोड़ रुपये पहुंचाने का काम हो या एमएसपी को बढ़ाने का काम है। फसलों के उत्पादन के साथ-साथ उत्पादक या किसान की ताकत बढ़ाने के लिए काम करने वाली मोदी सरकार कृषि कानूनों को लाई उसके पीछे एक ही मकसद था कि देश के छोटे किसानों को और ताकत मिले, उनको अपनी उपज की सही कीमत मिले तथा उपज को बेचने के विकल्प मिले।