जिले में शातिर ठगों ने दो जगह पर एक ही तरीके से कामन सर्विस सेंटर के संचालकों को ठग लिया। ठगों ने दोनों को 50 हजार रुपये की चपत लगाई हैं। पीड़ितों ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव नांधा निवासी देवकरण ने कहा कि उसने कुंड बस स्टैंड पर देव इंटरनेट के नाम से दुकान की है। वह ऑनलाइन मनी ट्रांसफर का भी काम करता है। सोमवार को उसकी दुकान पर एक युवक आया और एक क्यूआर कोड स्कैन कराकर 40 हजार रुपये खाते में डलवा लिए। उसके बाद वह उसे बातों में उलझाए रखा। जब उसने उसका पहचानपत्र मांगा तो युवक ने राहुल साहू के नाम से एक आईडी दे दी। इस बीच दुकान पर अन्य ग्राहक काम के लिए आ गए। युवक उसे रुपये दिए बिना ही वहां से फरार हो गया। उन्होंने युवक की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। देवकरण ने तुरंत ही कुंड चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उस खाते की भी जांच कर रही है, जिसमें रुपये ट्रांसफर किए गए थे।
दूसरी वारदात शहर के शकुंतला अस्पताल के पास स्थित अटल सेवा केंद्र (सीएससी) सेंटर चलाने वाले जिला महेंद्रगढ़ के गांव डिगरोता निवासी विजय के साथ हुई। पुलिस को दी शिकायत में विजय ने कहा कि सोमवार को दोपहर बाद उनकी दुकान पर राहुल नाम का युवक आया और अपने खाते में 10 हजार रुपये डलवाने की बात की। आरोपी ने जो खाता नंबर दिया उसमें उसने 10 हजार एक रुपये फोन पे एप के जरिये ट्रांसफर कर दिए। उसके बाद आरोपी ने 332 रुपये में एक रेल टिकट भी बुक कराई। इसी दौरान कुछ अन्य लोग उसके पास काम कराने के लिए आ गए। विजय ने बताया कि युवक ने बिना रुपये दिए वहां से फरार हो गया। विजय ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।