मॉडल टाऊन थाना पुलिस ने देसी कट्टा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जैनाबाद निवासी हर्ष व नवीन के रूप में हुई है। जैनाबाद निवासी हर्ष कुंड स्थित आईटीआई का छात्र है जबकि उसके गांव का ही नवीन ब्रास मार्केट में कोचिंग ले रहा है। शुक्रवार की देर शाम सेक्टर-3 चौकी पुलिस को सूचना मिली की दो युवक हाथ में देसी कट्टा लिए महाराणा प्रताप चौक स्थित नेहरू पार्क के पास घूम रहे हैं। सूचना के तुरंत बाद पुलिस ने मौके पर दबिश दी तो दोनों नशे की हालत में मिले।
पुलिस ने तलाशी ली तो हर्ष की जेब से एक देसी कट्टा तथा नवीन की जेब से एक कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके एक दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जाएगी व अवैध हथियार कहां से लेकर आये तथा किस उद्देश्य से लेकर आए, इसकी भी जानकारी जुटाई जाएगी।