धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पिकअप में धारूहेड़ा आ रहे एक एजेंसी के चालक को पिस्तौल दिखाकर बंधक बना 27 हजार रुपये की नकदी छीनने के दो आरोपितों को सीआईए धारूहेड़ा ने गिरफ्तार किया है। आरोपी नांगलोई दिल्ली की अमर कालोनी निवासी संदीप उर्फ सन्नाटा व रणजीत सिंह हैं।
पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के जिला भरतपुर के गांव रणधीरगढ़ निवासी प्रकाश शर्मा ने बताया कि वह विकास नगर महेश्वरी स्थित धर्मबीर सिंह की एजेंसी पर चालक हैं। रविवार को वह अपने साथी धारूहेड़ा निवासी सागर के साथ पिकअप में कोल्डड्रिंक भरकर गांव निखरी व रालियावास में सप्लाई करने के लिए गया था। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गांव रालियावास कट के निकट दो युवक अचानक उनकी गाड़ी के सामने आए और खिड़की खोल कर पिस्तौल व चाकू दिखाते हुए केबिन में घुस गए थे। एक युवक ने उन्हें ड्राइवर की सीट से हटाकर खुद गाड़ी चलानी शुरू कर दी थी।
युवक ने रास्ते में पिस्तौल दिखाकर उनकी जेब से 27 हजार रुपये की नकदी छीन ली थी और झज्जर के गांव सिलानी के निकट उन्हें छोड़कर दूसरी गाड़ी से फरार हो गए थे। प्रकाश शर्मा की शिकायत पर धारूहेड़ा थाना पुलिस ने लूट व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीआईए धारूहेड़ा ने दोनों आरोपियों संदीप उर्फ सन्नाटा व रणजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त एक कट्टा, तीन कारतूस, एक चाकू व छीनी गई नकदी में से 2370 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी संदीप उर्फ सन्नाटा के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं। आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।