शहर के नाईवाली पुल से होते हुए रामपुरा के कतोपुर मोहल्ला जा रही पनीर से भरी गाड़ी में पीछे से ट्रॉला ने टक्कर मार दी। जिससे पनीर से भरी गाड़ी आगे चल रही गाड़ी से टकराई। ट्रॉले की टक्कर के कारण आगे चल रही एक के बाद एक चार गाड़ियां आपस में टकरा गईं। भाड़ावास पुलिस चौकी ने नूहं के फिरोजपुर झिरका निवासी नावली गांव निवासी सनीप की शिकायत पर ट्रॉला चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
सनीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गाड़ी पर क्लीनर का काम करता है। बुधवार रात में तिजारा राजस्थान निवासी चालक फारूख के साथ गांव गुजरनगला से गाड़ी में पनीर लादकर रेवाड़ी आ रहा था। रामपुरा में पनीर को तोलने के बाद वह नाईवाली पुल से नीचे उतर रहा था तो पीछे से आ रहे ट्रॉले के चालक ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसकी गाड़ी आगे चल रही गाड़ी में जा टकराई। अगली गाड़ी उससे आगे चल रही गाड़ी में टकरा गई। तीन-चार गाड़ियों की टक्कर होने पर वे घबरा गए और गाड़ी को छोड़कर वहां से भाग लिए। पुलिस ने अज्ञात ट्रॉला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।