कोसली। स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ने के उद्देश्य से पतंजलि योगपीठ हरिद्वार में आयोजित मुख्य योग शिक्षक शिविर का समापन हुआ। पांच दिवसीय शिविर में हरियाणा के पांच प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने योग का प्रचार प्रसार कर लोगों को योग से जोड़ने का संकल्प लिया गया।
शिविर में कोसली गांव के अमित कुमार और आशीष यादव का चयन हुआ था। दोनों प्रतिभागियों ने योग के प्रति समर्पण और ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शिविर का उद्देश्य यह था कि योग के माध्यम से असाध्य रोगों से कैसे निजात पाया जा सकता है और योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर स्वस्थ और संतुलित जीवन जीया जा सकता है। इस अवसर पर योग गुरु स्वामी रामदेव के सानिध्य में प्रतिभागियों को योग के विभिन्न आयामों, चिकित्सा पद्धतियों और आत्म-साक्षात्कार के विषय में विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
प्रतिभागियों को योग की उन विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया जो जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, और अन्य असाध्य रोगों के उपचार में सहायक हैं। प्रतिभागियों ने कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर योग शिक्षक बनने का प्रमाण पत्र प्राप्त किया। 500 प्रतिभागियों ने योग शिक्षक का दर्जा प्राप्त किया। अमित कुमार और आशीष यादव ने कहा कि यह शिविर उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है और उन्होंने योग को अपने गांव और समाज में फैलाने का संकल्प लिया।