रेवाड़ी। जिले के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिले की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। बुधवार को दाखिले का आखिरी दिन है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने पांच चरणों की काउंसलिंग के बाद भी खाली रह गई सीटों को भरने के लिए ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया 5 नवंबर तक बढ़ाई थी। हालांकि अब भी कई ट्रेडों में सीटें खाली हैं और अभ्यर्थी दाखिले में खास रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
विभाग ने इस वर्ष 8 जुलाई से आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया शुरू की थी। पांच चरणों में ऑनलाइन काउंसलिंग कराई गई लेकिन करीब 20 प्रतिशत सीटें अब भी रिक्त हैं। राजकीय आईटीआई लुहाना में कंप्यूटर ऑपरेटर व प्रोग्रामिंग असिस्टेंट ट्रेड में 48 में से 21 सीटें खाली हैं।
फिटर ड्यूल एच में 20 में से 2, मशीनिस्ट ड्यूल एच में 10, वेल्डर ड्यूल एच में 11, वायरमैन में 1 और टर्नर ट्रेड में 4 सीटें रिक्त हैं। वहीं, महिला आईटीआई रेवाड़ी में भी कई ट्रेडों में सीटें नहीं भर पाई हैं।
सिलाई टेक्नोलॉजी में 40 में से 11, कटाई एवं सिलाई में 7, इलेक्ट्रीशियन में 10, कंप्यूटर ऑपरेटर व प्रोग्रामिंग असिस्टेंट में 4, कास्मेटोलॉजिस्ट में 25, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक में 1 और इलेक्ट्रीशियन मैकेनिक में 5 सीटें खाली हैं।
विभाग ने विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अवकाश के दिन शनिवार को भी ऑन द स्पॉट दाखिले की व्यवस्था की थी। अधिकारियों का कहना है कि अंतिम तिथि तक आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश का पूरा अवसर दिया जाएगा।
विभाग ने युवाओं से अपील की है कि वे समय रहते दस्तावेजों के साथ संस्थान पहुंचकर दाखिला प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उन्हें रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा का लाभ मिल सके।
-
विद्यार्थी इन दस्तावेजों के साथ संस्थान में पहुंचें
दाखिले के लिए विद्यार्थियों को 10वीं, 12वीं का सर्टिफिकेट, परिवार पहचान पत्र, मोबाइल फोन (ओटीपी) के लिए, स्वयं की ई-मेल आईडी, जाति प्रमाणपत्र, रिहायशी प्रमाणपत्र, हरियाणा स्थायी निवासी प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाण पत्र (6 माह से पुराना मान्य नहीं होगा), इनकम सर्टिफिकेट (चालू वर्ष का होना चाहिए), पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड व आधार कार्ड से लिंक पासबुक के साथ संस्थान में पहुंचना होगा।
-
वर्जन
आईटीआई में दाखिले का बुधवार को आखिरी दिन है। दाखिले के लिए पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। विद्यार्थी समय रहते दस्तावेजों के साथ संस्थान पहुंचकर दाखिला प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।-सुरेंद्र सिंह, प्राचार्य, राजकीय महिला आईटीआई संस्थान, रेवाड़ी।