एक गांव निवासी नाबालिग ने अपने ही गांव के कुछ युवकों पर स्कूल जाने के दौरान परेशान करने, अश्लील टिप्पणी करने व हत्या के मामले में फैसला करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कसौला थाना में शिकायत दी है।
पुलिस को दी शिकायत में नाबालिग ने कहा कि वह 12वीं कक्षा की छात्रा है। उनके पिता की उम्र करीब 57 साल है और हत्या के एक मामले में गवाह है। स्कूल जाने के दौरान गांव निवासी कुछ युवक उसके आगे-पीछे मोटरसाइकिल लगाकर रास्ता रोक लेते हैं और अश्लील टिप्पणी करते हैं। आरोपी फैसला नहीं करने पर उठा ले जाने की धमकी देते है। तीस मई को गांव निवासी पति-पत्नी अपने बेटे के साथ कार में उनके घर आए। तीनों ने फैसला करने की धमकी दी। फैसला नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। नाबालिग ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। कसौला थाना पुलिस ने एक महिला सहित छह आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट व धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।