संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सिविल अस्पताल परिसर में सोमवार की सुबह पार्किंग शुल्क को लेकर हंगामा हुआ। खुद को पुलिसकर्मी बता रहे एक कार चालक ने पार्किंग फीस देने से इंकार कर दिया था। पहले वह बिना फीस दिए चला गया, लेकिन जब लौटकर कार के पास आया और पार्किंग कर्मचारियों ने फिर से शुल्क मांगा तो विवाद बढ़ गया।
जब वह ड्राइवर कार लेकर मुख्य गेट तक पहुंचा तो कर्मचारियों ने रास्ता रोक लिया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले। खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले चालक बिना शुल्क दिए मौके से चला गया।
पार्किंग कर्मचारियों ने कहा कि सामान्य अस्पताल में बाइक के लिए 10 रुपए व कार के लिए मात्र 20 रुपए शुल्क है। इसके बाद भी कुछ लोग तरह-तरह के बहाने बनाकर शुल्क नहीं देते।
उन्होंने एक साल के लिए टेंडर लिया हुआ है। वे अस्पताल में ट्रैफिक व्यवस्था भी बनवाते हैं। कोई बड़ी पार्किंग भी नहीं है, इसके बावजूद लोग आए दिन झगड़ा करते हैं।
वीडियो में आया ये सब सामने
वीडियो में 4 लोग झगड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। पार्किंग कर्मचारी खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले व्यक्ति का गला पकड़े हुए है। वहीं, उसके साथ आए व्यक्ति के साथ दूसरा पार्किंग कर्मचारी उलझा हुआ है। बाद में वह मारने स्टूल उठा लेता है। इसी दौरान कार ड्राइवर के साथ आए व्यक्ति का फोन नीचे गिर जाता है। जेल की गाड़ी का हूटर बजता है तो पुलिस कर्मी खुद को छुड़वा कर वहां से भाग जाता है। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग तमाशा देख रहे हैं। इससे पहले सामान्य अस्पताल परिसर में पिछले साल रक्षाबंधन पर भी विवाद हुआ था।