रेवाड़ी। शहर के पॉश इलाके सेक्टर चार की दो सड़कें खस्ता हाल हैं। खास बात तो यह है कि यहां पर सत्ताधारी पार्टी केे कोसली विधायक लक्ष्मण यादव और न्यायिक कार्य से जुड़े लोगों की कोठियां भी हैं। स्थानीय लोगों ने सड़कों की मरम्मत कराने की मांग नगर परिषद और हुडा विभाग के अधिकारियों के पास उठाई, लेकिन कोई सार्थक काम नहीं हुआ। ये सड़कें, जिमखाना से सेक्टर चार मार्केट तक और राजीव नगर से वाया सेक्टर 4 बाईपास को जोड़ती हैं।
अहम बात यह है कि इनमें एक सड़क का जुड़ाव कोसली विधायक के साथ भी है। गढ़ी बोलनी रोड से करीब 20 मीटर दूरी पर कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव का निवास है, यहां तक सड़क देखने में चकाचक नजर आती है, लेकिन उसके आगे करीब पांच सौ मीटर दूर सड़क में करीब दस जगह गड्ढे और सड़क से निकलती रोड़ियां साफ दिखाई दे जाएंगी। इस समस्या से वाहन चालक और सेक्टर वासी परेशान हैं। शहरवासी गोपाल, बार प्रधान शमशेर यादव, धर्मेंद्र, सुनील कुमार आदि ने कहा कि काफी दिन पहले ये सड़कें बनी थी मगर इनका सुधारीकरण कार्य नहीं हुआ। इस वजह से इन सड़कों में अब गड्ढे बनने लगे हैं। आरडब्ल्यूए के माध्यम से कई बार नगर परिषद के अधिकारियों और हुडा विभाग में सड़कों के सुधारीकरण की गुहार लगाई गई मगर काम नहीं हुआ।
उधर शहर के सर्कुलर रोड से राजीव नगर वाया सेक्टर चार बाईपास को जोड़ने वाली सड़क भी सेक्टर चार में काफी जगह से टूट चुकी है। हालांकि इस सड़क पर कुछ समय पूर्व पैचवर्क भी कराया गया, लेकिन कारगर साबित नहीं हुआ। नगर परिषद की ओर से कार्य गए इस पैचवर्क पर मुख्यमंत्री शिकायत पटल पर शिकायत भी दर्ज है, जिसका अभी पूरी तरह निस्तारण नहीं हुआ है। इस संबंध में एडवोकेट सुनील भार्गव ने बताया कि उन्होंने सीएम विंडो पर भी शिकायत की थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। आज भी सड़कें बदहाल हैं। पैदल चलने में भी मुश्किल हो रहा है।
---------------------
जन सुविधा अदालत में कई मामलों पर सुनवाई
एडवोकेट सुनील भार्गव बताते हैं कि काफी अधिवक्ताओं ने शहर की समस्याओं को लेकर जनसुविधा अदालत में शहर की सड़कों, सीसीटीवी कैमरे और यातायात सिगनल, पार्कों के रखरखाव, स्ट्रीट लाइटों, वाहन पार्किंग, शहर में अतिक्रमण और जाम और बैंकों के सामने वाहन पार्किंग के वाद दायर किए हुए हैं। नगर परिषद और कुछ अन्य विभागों के अधिकारी भी अदालत के चेयरमैन जगभूषण गुप्ता की ओर से तलब किए गए। एक मामले की पिछली सुनवाई 12 अप्रैल को थी, जिसकी अगली तारीख पेशी 27 अप्रैल है।
कोट
- ये दोनों शहर की प्रमुख सड़कें हैं। मेरे पदौन्नत होने से पहले काम हुआ या नहीं, इसकी मुझे जानकारी नहीं। अब अगर सड़क खराब हैं तो इसको ठीक कराया जाएगा। केवल कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव के निवास तक यह सड़क बनाने वाली कोई बात नहीं। पहले जहां तक निर्माण का लागत अनुमान भिजवाया गया, वहां तक सड़क बनी।
-अजय सिक्का, ईई, नगर परिषद।
-----------------------
दोनों सड़कों के सुधारीकरण के लिए टेंडर लगाए गए हैं। अधिक जानकारी और विकास से जुड़े अधिशासी अभियंता और एसडीओ के पास है। उसे देखकर ही बता पाऊंगी।
-पूनम यादव, चेयरपर्सन नगर परिषद
-------------------
लोग बोले-शिकायत के बाद भी नहीं हो रहा सुधारीकरण
- शहर की ये दोनों सड़कें इन दिनों बदहाल अवस्था में हैं। इनसे रोड़ियां निकल रही हैं। शिकायत को बाद भी सुधारीकरण नहीं हो रहा है। लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इस मामले को जल्द अदालत में ले जाएंगे। - सुनील भार्गव रेडक्रॉस सदस्य एवं समाजसेवी।
--------------------
- शहर की प्रमुख सड़कों की बदहाली लोगों की परेशानी का सबब बन रही है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। नगर परिषद, सरकार और प्रशासन को इनकी दशा सुधारनी चाहिए। - शमशेर यादव, बार प्रधान।
-------------------
- सेक्टर चार की सड़कें जर्जर अवस्था में हैं। काफी जगहों पर गड्ढे बन गए हैं। पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। - धर्मेंद्र एडवोकेट।
-------------------
- जनता को सुविधा देने के लिए सरकार सड़कों पर करोड़ो रुपये खर्च कर रही है। सेक्टर 4 की राजीव नगर से आने वाली चौड़ी सड़क और जिमखाना की ओर से आने वाली सड़क काफी जगह से खराब है। इनको जल्द ठीक कराया जाना चाहिए। - बीएल खोला अधिवक्ता।